इंफोसिस 5,260 करोड़ रुपये के सौदे में ऑप्टिमम हेल्थकेयर आईटी, स्ट्रेटस का अधिग्रहण करेगी

Ads

इंफोसिस 5,260 करोड़ रुपये के सौदे में ऑप्टिमम हेल्थकेयर आईटी, स्ट्रेटस का अधिग्रहण करेगी

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 04:48 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 04:48 PM IST

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी इन्फोसिस ने स्वास्थ्य और बीमा क्षेत्र की दो कंपनियों के अधिग्रहण की घोषणा की है।

इन दोनों सौदों की कुल कीमत करीब 5,260 करोड़ रुपये बताई गई है।

कंपनी ने कहा कि वह स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल बदलाव से जुड़ी कंपनी ऑप्टिमम हेल्थकेयर आईटी का अधिग्रहण करेगी। इस सौदे की कीमत अधिकतम 46.5 करोड़ डॉलर होगी। यह अधिग्रहण वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में पूरा होने की उम्मीद है, बशर्ते सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी हो जाएं।

इन्फोसिस ने बयान में कहा कि उसने ऑप्टिमम हेल्थकेयर आईटी के अधिग्रहण के लिए पक्का समझौता किया है। यह कंपनी स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल बदलाव और परामर्श सेवाएं देने वाली अग्रणी कंपनियों में मानी जाती है और स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले संस्थानों को बड़े स्तर पर बदलाव लाने में मदद करती है।

कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सलील पारेख ने कहा कि ऑप्टिमम हेल्थकेयर आईटी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है और इसके अनुभव से इन्फोसिस को बड़े स्तर पर डिजिटल बदलाव लाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा, इन्फोसिस ने बीमा क्षेत्र की प्रौद्योगिकी समाधान देने वाली कंपनी ‘स्ट्रेटस’ के अधिग्रहण का भी पक्का समझौता किया है। यह सौदा नकद 9.5 करोड़ डॉलर का है।

अमेरिकी कंपनी स्ट्रेटस बीमा कंपनियों को प्रौद्योगिकी परामर्श और समाधान उपलब्ध कराती है। कंपनी के पास 450 से अधिक विशेषज्ञों की टीम है और यह अमेरिका, कनाडा और भारत में अपनी सेवाएं देती है।

भाषा योगेश अजय

अजय