अतिका ‘डब्ल्यूएसके’ कार्टिंग में शीर्ष भारतीय और सर्वश्रेष्ठ महिला चालक रहीं

Ads

अतिका ‘डब्ल्यूएसके’ कार्टिंग में शीर्ष भारतीय और सर्वश्रेष्ठ महिला चालक रहीं

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 04:41 PM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 04:41 PM IST

फ्रांसियाकोर्टा (इटली) 26 मार्च (भाषा) भारतीय रेसिंग प्रतिभा अतिका मीर ने ‘डब्ल्यूएसके सुपर मास्टर्स’ कार्टिंग रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवें चरण के फाइनल में 53 चालकों में से आठवां स्थान हासिल किया।

इस परिणाम के साथ उन्होंने इस प्रमुख कार्टिंग श्रृंखला में सर्वश्रेष्ठ भारतीय चालक के साथ-साथ सबसे उच्च रैंक वाली महिला के रूप में अपना अभियान समाप्त किया।

अतिका ने मिनी (आठ से 12 वर्ष) से जूनियर वर्ग (12 से 14 वर्ष) में स्वैच्छिक रूप से कदम रखा और ‘ओके-एनजे’ श्रेणी में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पांच चरणों की सीरीज में उन्होंने एक पोडियम (शीर्ष तीन में स्थान), दो सबसे तेज लैप और आठ बार शीर्ष छह में जगह बनाई।

उन्होंने यहां अंतिम मुकाबले में 13वें स्थान से शुरूआत की और आठवां स्थान हासिल किया। यह उनकी दृढ़ता और तेज प्रदर्शन का स्पष्ट प्रमाण है।

जनवरी में ला कॉन्का चरण में पदार्पण करने वाली अतिका ने यूरोपीय चरण में विश्व स्तरीय प्रतिस्पर्धा में खुद को साबित किया। फ्रैंसियाकोर्टा चरण में उन्होंने पूरे सप्ताहांत में लगातार शीर्ष पांच में स्थान बनाकर अपनी प्रगति को दिखाया।

अतिका ने कहा, “मैं आभारी हूं कि मुझे इतनी प्रतिष्ठित सीरीज में भाग लेने का मौका मिला। पिछले आठ सप्ताह से लगातार उच्च स्तर पर कार्टिंग कर रही हूं और इस दौरान नए अनुभवों के अनुसार खुद को ढालना सीखा। यह मेरे लिए सीखने और सुधारने का शानदार अनुभव रहा।”

भाषा आनन्द पंत

पंत