एयर इंडिया ने तेल अवीव-दिल्ली मार्ग पर उड़ानों का निलंबन जुलाई तक बढ़ाया

एयर इंडिया ने तेल अवीव-दिल्ली मार्ग पर उड़ानों का निलंबन जुलाई तक बढ़ाया

एयर इंडिया ने तेल अवीव-दिल्ली मार्ग पर उड़ानों का निलंबन जुलाई तक बढ़ाया
Modified Date: May 28, 2026 / 03:05 pm IST
Published Date: May 28, 2026 3:05 pm IST

(हरिंदर मिश्रा)

यरुशलम, 28 मई (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच एयर इंडिया ने तेल अवीव-नयी दिल्ली मार्ग पर उड़ानों की अस्थायी निलंबन अवधि को बढ़ाकर अब 31 जुलाई तक कर दिया है।

इससे पहले एयरलाइन ने इस मार्ग पर अपनी उड़ानें जून अंत तक निलंबित करने की घोषणा की थी, जिसे अब एक महीने और आगे बढ़ा दिया गया है।

एयर इंडिया के इजराइल संचालन से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई-भाषा से कहा कि उड़ान कार्यक्रम में संशोधन की सूचना बुधवार शाम को जारी कर दी गई है।

उन्होंने कहा, “भू-राजनीतिक स्थिति को देखते हुए इस मार्ग पर हमारी उड़ानें 31 जुलाई तक के लिए निलंबित कर दी गई हैं।”

पश्चिम एशिया में फरवरी के अंत से जारी संघर्ष के बीच एयरलाइन कंपनियों को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें बढ़ते ईंधन खर्च, हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध और संचालन लागत में वृद्धि शामिल है। इसी वजह से कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने तेल अवीव मार्ग पर सेवाएं सीमित या बंद कर दी हैं।

अमेरिका-ईरान संघर्षविराम कुछ समय से प्रभावी होने के बावजूद क्षेत्र में अनिश्चितता बनी हुई है। इस वजह से एल अल, इजराएयर, अर्किया और एयर हाइफा जैसी इजराइली एयरलाइंस को छोड़कर बहुत कम विदेशी कंपनियां ही इस मार्ग पर उड़ानें संचालित कर रही हैं।

उड़ानों के निलंबन से इजराइल में रह रहे 40,000 से अधिक भारतीयों पर असर पड़ा है, जिन्हें भारत आने-जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सीमित विकल्प होने से यात्रा खर्च भी बढ़ गया है, जिससे कामकाजी भारतीयों और प्रवासी समुदाय की चिंता बढ़ी है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में