एयर इंडिया के नवनियुक्त सीईओ गेबरियाम ने कर्मचारियों से सहयोग मांगा, व्यवधान कम करने पर दिया जोर
एयर इंडिया के नवनियुक्त सीईओ गेबरियाम ने कर्मचारियों से सहयोग मांगा, व्यवधान कम करने पर दिया जोर
नयी दिल्ली, सात सितंबर (भाषा) एयर इंडिया के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक टेवोल्डे गेबरियाम ने विमानन कंपनी के कर्मचारियों से सोमवार को सहयोग मांगा और परिचालन में व्यवधान कम से कम करने पर जोर दिया।
कर्मचारियों को अपने पहले संबोधन में गेबरियाम ने कहा कि एयर इंडिया की विरासत मजबूत है, ब्रांड की अच्छी पहचान है और कंपनी में अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम सही समय पर सही काम करें, तो हमारे लिए कोई सीमा नहीं है।’’
एयर इंडिया ने पांच अगस्त को व्यापक चयन प्रक्रिया के बाद गेबरियाम को सीईओ एवं प्रबंध निदेशक नियुक्त किए जाने की घोषणा की थी। इस चयन प्रक्रिया की निगरानी एक समर्पित बोर्ड समिति ने की थी।
गेबरियाम को इथियोपियन एयरलाइंस समूह में करीब चार दशक का अनुभव है। वह 11 साल से अधिक समय तक इसके सीईओ भी रहे हैं।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह अमेरिका से आ रहे हैं और ‘‘हम एयर इंडिया को फिर से महान बनाएंगे (मेक एयर इंडिया ग्रेट अगेन-एमएजीए)।’’
मुंबई में 1990 के दशक में अपने कार्यकाल को याद करते हुए गेबरियाम ने कहा कि उस समय एयर इंडिया उद्योग में शीर्ष पर थी और अब उन्हें इसे फिर से एक मजबूत ब्रांड बनाने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की संस्कृति सबसे महत्वपूर्ण होनी चाहिए और व्यवधानों को कम से कम करने की जरूरत है। जब व्यवधान उत्पन्न हों तो उनका पेशेवर तरीके से सामना करना चाहिए और ग्राहकों का ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने कर्मचारियों से कहा, ‘‘मुझे आपके सहयोग और समर्थन की जरूरत है। हमारे कर्मचारियों की प्रतिबद्धता के बिना हम सार्थक बदलाव नहीं ला सकते।’’
आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद वह सीईओ एवं प्रबंध निदेशक का पद संभालेंगे।
एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन और निवर्तमान सीईओ एवं प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया।
विल्सन ने कहा कि एयर इंडिया के सबसे अच्छे दिन अभी आने बाकी हैं और उन्होंने जोर देकर कहा कि वह आगे भी विमानन कंपनी के सबसे बड़े समर्थक बने रहेंगे।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


