एयरटेल ने 299 रुपये के लोकप्रिय प्लान समेत चार प्रीपेड प्लान बंद किए
एयरटेल ने 299 रुपये के लोकप्रिय प्लान समेत चार प्रीपेड प्लान बंद किए
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने 299 रुपये, 579 रुपये, 619 रुपये और 649 रुपये वाले चार प्रीपेड प्लान हटा दिए हैं जिसके बाद 299 रुपये का लोकप्रिय प्लान चुनने वाले ग्राहकों के लिए अब 349 रुपये वाला महंगा विकल्प ही रह गया है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, एयरटेल का यह कदम दूरसंचार उद्योग में शुल्क बढ़ोतरी की संभावित शुरुआत का संकेत है। दूरसंचार कंपनियों का इस समय प्रति ग्राहक औसत राजस्व (एआरपीयू) बढ़ाने पर विशेष ध्यान बना हुआ है।
एयरटेल ने प्रीपेड प्लान में किए गए बदलाव के बाद 199 रुपये और 219 रुपये वाले शुरुआती प्लान में कोई बदलाव नहीं किया है। लेकिन 299 रुपये वाला प्लान हटने से उसके ग्राहकों को अब 349 रुपये का प्लान लेना होगा, जो करीब 16 प्रतिशत महंगा है। इस 349 रुपये के प्लान में असीमित 5जी डेटा की सुविधा है।
हालांकि, एयरटेल ने प्रीपेड प्लान में किए गए बदलावों के बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। लेकिन मामले की जानकारी रखने वाले लोगों का कहना है कि यह कदम एआरपीयू में लगातार वृद्धि करने की कंपनी की पहल का हिस्सा है।
सूत्रों ने कहा कि 299 रुपये वाले प्लान के ग्राहक अक्सर निर्धारित डेटा खत्म होने के बाद अतिरिक्त डेटा खरीदते या दोबारा रिचार्ज कराते थे। इसके मुकाबले 349 रुपये के प्लान में असीमित 5जी डेटा मिलता है।
एयरटेल प्रबंधन ने पिछले सप्ताह तिमाही नतीजों की घोषणा के बाद निवेशकों के साथ बातचीत में कहा था कि कम कीमत वाले असीमित डेटा प्लान के शुल्क बढ़ाने की गुंजाइश है।
कंपनी के कार्यकारी वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल ने कहा था कि शुल्क में सुधार की बात वास्तव में मोबाइल प्लान की मौजूदा संरचना से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि बहुत कम कीमत पर असीमित डेटा उपलब्ध कराने से एआरपीयू एक सीमा तक सीमित रह जाता है, जो कारोबार के लिए स्वस्थ स्थिति नहीं है।
उन्होंने कहा कि हर बाजार में छोटे, मध्यम, बड़े और बहुत बड़े स्तर के प्लान होते हैं लिहाजा मोबाइल सेवाओं में ‘तर्कसंगत मूल्य संरचना’ जरूरी है।
एयरटेल इंडिया का एआरपीयू चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 5.6 प्रतिशत बढ़कर 264 रुपये हो गया, जो उद्योग में सबसे अधिक है। एक साल पहले की समान तिमाही में यह 250 रुपये था।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


