आंध्र एसआईपीबी ने 2.08 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी
आंध्र एसआईपीबी ने 2.08 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी
अमरावती, 12 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश राज्य निवेश संवर्द्धन बोर्ड (एसआईपीबी) ने बुधवार को 2.08 लाख करोड़ रुपये के निवेश वाली 25 परियोजनाओं को मंजूरी दी। इन परियोजनाओं से 21,627 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता में हुई एसआईपीबी की 20वीं बैठक में इन निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
मंजूर किए गए निवेश प्रस्तावों में कर्नूल में अगस्त्य ग्रीन एनर्जी लिमिटेड का 7,800 करोड़ रुपये, विशाखापत्तनम में अक्षत ग्रीन टेक लिमिटेड का 1,600 करोड़ रुपये और अनकापल्ली जिले में रिन्यू एपी ग्रीन डेटा सेंटर का 85,200 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है।
नायडू ने अधिकारियों को हरित अमोनिया, लिथियम बैटरी और रोबोटिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने पर ध्यान देने तथा इन क्षेत्रों में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक उपायों का अध्ययन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने राज्य में स्थापित होने वाली औद्योगिक परियोजनाओं के बारे में लोगों में अधिक जागरूकता पैदा करने की जरूरत बताई।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ समूह उद्योगों को प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों के रूप में पेश कर गलत जानकारी फैला रहे हैं, जिससे विकास में बाधा डालने वाली गलत धारणाएं पैदा हो रही हैं।
उन्होंने अधिकारियों को ऐसी परियोजनाओं को लेकर फैली गलत धारणाओं को दूर करने का निर्देश दिया।
उन्होंने राज्य में औद्योगिक विकास की लगातार निगरानी करने की जरूरत पर जोर दिया और आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक तत्व सोशल मीडिया पर फर्जी अभियान चला रहे हैं।
नायडू ने कहा कि सरकार पोलावरम लेफ्ट कैनाल से गुरुत्व प्रवाह के जरिये विशाखापत्तनम के उद्योगों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराएगी।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


