नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) चिप क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एएमडी और दिल्ली विश्वविद्यालय ने अगले एक साल में करीब 10,000 विद्यार्थियों को कृत्रिम मेधा (एआई) और सेमीकंडक्टर प्रौद्योगिकी का प्रशिक्षण देने के लिए साझेदारी की घोषणा की है।
दोनों संस्थानों के बीच हुए समझौता के तहत एएमडी विश्वविद्यालय में अपना ‘एआई एंगेज डेवलपर प्रोग्राम’ शुरू करेगी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरत के अनुरूप कौशल प्रदान करना है।
एएमडी इंडिया की भारत में प्रमुख एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष (इंजीनियरिंग) जया जगदीश ने कहा, ‘‘भारत के पास एआई नवोन्मेषण की अगली लहर की अगुवाई करने के लिए प्रतिभा के साथ महत्वाकांक्षा भी है। अब जरूरत विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर पर उन मंचों और उपकरणों तक पहुंच उपलब्ध कराने की है, जो वास्तविक दुनिया में एआई विकसित करने में काम आते हैं।’’
कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों को एएमडी के ‘ओपन-सोर्स आरओसीएम एआई सॉफ्टवेयर’ मंच, प्रशिक्षण सामग्री और डेवलपर जीपीयू क्लाउड क्रेडिट की सुविधा मिलेगी।
इससे प्रतिभागी उद्योग में इस्तेमाल होने वाले उन्नत उपकरणों के जरिये एआई अनुप्रयोग तैयार करने, उनका परीक्षण करने और उन्हें लागू करने में सक्षम होंगे।
भाषा अजय योगेश
योगेश