हिंदुस्तान जिंक को कर्नाटक में दुर्लभ खनिज ब्लॉक का पट्टा मिला

Ads

हिंदुस्तान जिंक को कर्नाटक में दुर्लभ खनिज ब्लॉक का पट्टा मिला

  •  
  • Publish Date - September 3, 2026 / 07:04 PM IST,
    Updated On - September 3, 2026 / 07:04 PM IST

नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड (एचजेडएल) ने कर्नाटक में दुर्लभ खनिज (आरईई) ब्लॉक के लिए खनन पट्टा हासिल किया है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘कर्नाटक सरकार ने राज्य के चामराजनगर जिले के गुंडलुपेट तालुका स्थित मल्लयनपुर गांव में 314.21 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले दुर्लभ खनिज और यट्रियम ब्लॉक का खनन पट्टा हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के पक्ष में प्रदान करने के मकसद से आशय पत्र (एलओआई) जारी किया है।’’

आरईई आधुनिक तकनीक के लिए बहुत महत्वपूर्ण खनिज हैं। इनका इस्तेमाल स्मार्टफोन, इलेक्ट्रिक वाहन, पवन टर्बाइन, रक्षा प्रणालियों और उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स समेत कई क्षेत्रों में होता है।

हिंदुस्तान जिंक की चेयरपर्सन प्रिया अग्रवाल हेब्बार ने पहले कहा था कि कंपनी आरईई के क्षेत्र में अवसर तलाश रही है और महत्वपूर्ण खनिजों की खोज के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) तथा ड्रोन आधारित प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल को लेकर वैश्विक साझेदारों की तलाश कर रही है।

चेयरपर्सन ने कंपनी की 59वीं वार्षिक आम बैठक में कहा था कि कंपनी तांबा, लिथियम, निकल, कोबाल्ट, पोटाश और आरईई की खोज के अवसरों पर सक्रिय रूप से काम कर रही है।

भाषा यासिर अजय

अजय

अजय