नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने बृहस्पतिवार को सीजी फूड्स इंडिया को ‘वेज भुजिया नमकीन’ का उत्पादन रोकने का निर्देश दिया। कंपनी की अजमेर स्थित इकाई के निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी कई उल्लंघन पाए गए थे।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इकाई में फर्श पर गिरे और टूटे हुए नूडल्स को ताप उपचार किए बगैर ही दोबारा इस्तेमाल कर भुजिया बनाई जा रही थी।
पैकेजिंग पर पहले की तारीखें दर्ज करने और ‘वाई-वाई मामा’ तथा ‘वाई-वाई मामा पुंटे’ भुजिया के बिना लाइसेंस निर्माण का भी पता चला।
नियामक ने मौके पर 32,107.2 किलोग्राम स्टॉक जब्त किया और 1,925 डिब्बों में रखे अवधि समाप्त हो चुके तैयार उत्पादों को कब्जे में ले लिया। उसने प्रयोगशाला जांच के लिए नमूने भी लिए।
एफएसएसएआई ने कंपनी को उचित मंजूरी और जरूरी उपायों के बिना ‘वेज भुजिया नमकीन’ का उत्पादन बंद करने का निर्देश दिया है।
इसके साथ ही प्राधिकरण ने कहा कि प्रयोगशाला जांच और निरीक्षण के निष्कर्षों के आधार पर कंपनी के खिलाफ आगे नियामकीय कार्रवाई की जा सकती है।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय