आंध्र के आईटी मंत्री ने सुजलॉन की 10,500 करोड़ रुपये की पवन ऊर्जा परियोजनाओं की आधारशिला रखी
आंध्र के आईटी मंत्री ने सुजलॉन की 10,500 करोड़ रुपये की पवन ऊर्जा परियोजनाओं की आधारशिला रखी
अनंतपुर (आंध्र प्रदेश), 25 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री नारा लोकेश ने मंगलवार को अनंतपुर जिले में सुजलॉन की 1,325 मेगावाट क्षमता वाली पवन ऊर्जा परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं पर करीब 10,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि परियोजनाओं से 1,600 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा होने की उम्मीद है।
बयान में कहा गया, ‘‘लोकेश ने अनंतपुर में सुजलॉन की 1,325 मेगावाट क्षमता वाली पवन ऊर्जा परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इससे 10,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।’’
मंत्री ने अनंतपुर में विस्तारित स्मार्ट ब्लेड विनिर्माण इकाई का भी उद्घाटन किया।
लोकेश ने कहा कि आंध्र प्रदेश राज्य के औद्योगिक और आर्थिक विकास के अगले चरण को गति देने के लिए विश्वस्तरीय स्वच्छ ऊर्जा तंत्र तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सुजलॉन की पवन ऊर्जा परियोजनाएं इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव हैं और यह आंध्र प्रदेश की प्रगतिशील नीतियों तथा निवेश के अनुकूल माहौल में प्रमुख अक्षय ऊर्जा कंपनियों के बढ़ते भरोसे को दर्शाती हैं।
यह निवेश आंध्र प्रदेश के साथ सुजलॉन की दो दशक से अधिक पुरानी साझेदारी को आगे बढ़ाता है। कंपनी अब तक राज्य में 15,500 करोड़ रुपये का निवेश कर चुकी है और 1,600 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजनाओं पर काम कर रही है।
अनंतपुर स्थित सुजलॉन की विनिर्माण इकाई की वार्षिक उत्पादन क्षमता 1,260 मेगावाट है और इससे वर्तमान में 1,200 से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष हरित रोजगार जुड़े हैं।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


