महाराष्ट्र एफडीए ने मुंबई के अयूब्स रेस्तरां समेत चार प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए

महाराष्ट्र एफडीए ने मुंबई के अयूब्स रेस्तरां समेत चार प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए

महाराष्ट्र एफडीए ने मुंबई के अयूब्स रेस्तरां समेत चार प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए
Modified Date: August 25, 2026 / 07:56 pm IST
Published Date: August 25, 2026 7:56 pm IST

मुंबई, 25 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के मामले में दक्षिण मुंबई के अयूब्स रेस्तरां समेत चार होटल एवं खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एफडीए ने राज्यभर में चलाए गए अभियान के तहत 37 होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इनमें से 31 को सुधार के नोटिस जारी किए गए जबकि चार प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।

लाइसेंस निलंबित किए गए प्रतिष्ठानों में मुंबई के फोर्ट क्षेत्र स्थित अयूब्स, कुर्ला स्थित मैसर्स संकल्प महिला औद्योगिक उत्पादक सहकारी संस्था लिमिटेड और नागपुर के बरहामपुर जलेबी सेंटर और स्टेप इन रेस्तरां शामिल हैं।

एफडीए ने कहा कि 22 अगस्त को अयूब्स रेस्तरां के निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा संबंधी गंभीर कमियां पाई गईं। इनमें खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले स्थानों में गंदगी, खुले एवं खराब स्थिति वाले नाले, जमा पानी और मक्खियों की मौजूदगी शामिल थी। प्रतिष्ठान का लाइसेंस 23 अगस्त से निलंबित किया गया है।

नागपुर के दोनों खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा संबंधी मानकों के उल्लंघन के कारण निलंबित किए गए।

एफडीए ने स्पष्ट किया कि ये नियमित निरीक्षण के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किए गए लाइसेंस निलंबन हैं, न कि ‘तत्काल’ निलंबन।

एफडीए ने बताया कि अभियान के दौरान राज्य में कुल 2.24 करोड़ रुपये मूल्य के 60,709.8 किलोग्राम खाद्य उत्पाद जब्त किए गए। इनमें नागपुर में जब्त 55,996 किलोग्राम भुनी सुपारी भी शामिल है, जिसकी कीमत 2,23,98,400 रुपये है।

इसके अलावा, पुणे में बिना लाइसेंस चल रहे खाद्य कारोबार से 7.27 लाख रुपये मूल्य के 4,317 किलोग्राम खाद्य उत्पाद जब्त किए गए। जलगांव में मिलावट की आशंका वाले 396.8 किलोग्राम खुले रिफाइंड सोयाबीन तेल के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

भाषा यासिर प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में