आंध्र सरकार-एयरबाउंड में करार, 10,000 दैनिक उड़ानों वाला ड्रोन डिलिवरी नेटवर्क विकसित होगा

Ads

आंध्र सरकार-एयरबाउंड में करार, 10,000 दैनिक उड़ानों वाला ड्रोन डिलिवरी नेटवर्क विकसित होगा

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 03:01 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 03:01 PM IST

अमरावती/नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को बेंगलुरु स्थित अंतरिक्ष क्षेत्र की कंपनी एयरबाउंड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।

इस समझौते के तहत अमरावती राजधानी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ड्रोन आधारित डिलिवरी नेटवर्क विकसित किया जाएगा, जिसका लक्ष्य प्रतिदिन 10,000 ड्रोन उड़ानों के जरिये स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी सामग्री, वाणिज्यिक वस्तुओं और अन्य आवश्यक सामान की तेज आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

कंपनी के बयान के अनुसार, आंध्र प्रदेश ड्रोन कॉरपोरेशन (एपीडीसी) और एयरबाउंड के बीच हुए इस समझौते का उद्देश्य दुनिया के सबसे बड़े वाणिज्यिक ड्रोन डिलिवरी नेटवर्क में से एक को विकसित करना, भविष्य की जरूरतों के अनुरूप लॉजिस्टिक ढांचा मजबूत करना और आंध्र प्रदेश को वैश्विक ड्रोन केंद्र के रूप में स्थापित करना है।

एयरबाउंड के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नमन पुष्प ने कहा, “एमओयू के तहत अमरावती राजधानी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ड्रोन डिलिवरी नेटवर्क विकसित किया जाएगा। दोनों साझेदार प्रतिदिन 10,000 ड्रोन उड़ानों का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं, जिससे लॉजिस्टिक व्यवस्था मजबूत होगी और स्वास्थ्य सेवाओं की सामग्री, वाणिज्यिक वस्तुओं तथा अन्य महत्वपूर्ण खेपों की आवाजाही तेज होगी।”

इस समझौते पर एपीडीसी की प्रबंध निदेशक एवं चेयरमैन गीतांजलि शर्मा और नमन पुष्प ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए।

प्रस्तावित अमरावती राजधानी क्षेत्र ड्रोन डिलिवरी नेटवर्क (एसीआर-डीडीएन) के तहत एयरबाउंड स्वास्थ्य, लॉजिस्टिक और ई-कॉमर्स क्षेत्र के विभिन्न भागीदारों के साथ मिलकर अमरावती, विजयवाड़ा और गुंटूर क्षेत्र को ड्रोन सेवाओं के माध्यम से जोड़ेगी।

भाषा योगेश अजय

अजय