ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत अगले सप्ताह फिर शुरू होने की उम्मीद: पाकिस्तान

Ads

ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत अगले सप्ताह फिर शुरू होने की उम्मीद: पाकिस्तान

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 04:05 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 04:05 PM IST

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, 25 जून (भाषा) पाकिस्तान ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत अगले सप्ताह फिर से शुरू होने की उम्मीद है।

पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने बुधवार देर रात जारी एक बयान में कहा कि “सभी पक्ष बातचीत के लिए तैयार हैं” और प्रक्रिया जारी है। अमेरिका और ईरान ने पिछले सप्ताह पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के उद्देश्य से एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए थे।

इस सप्ताह की शुरुआत में मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान और कतर की मौजूदगी में दोनों देशों ने स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक में बातचीत की थी।

पाकिस्तान ने इस समझौता ज्ञापन पर “गारंटर” के रूप में हस्ताक्षर किए हैं।

इसके बाद दोनों पक्ष 60 दिनों में अंतिम शांति समझौते की दिशा में एक रूपरेखा पर सहमत हुए।

अंद्राबी के हवाले से जारी बयान में बताया गया, “बातचीत जारी है। मेरा मानना है कि बातचीत अगले सप्ताह, संभवतः मंगलवार को फिर से शुरू होगी।”

उन्होंने कहा, “22 जून की बातचीत के लिए हमारा प्रतिनिधिमंडल बर्गेनस्टॉक में मौजूद था। जहां तक मैं जानता हूं, जब अगले सप्ताह बातचीत फिर से शुरू होगी, तब भी हमारा प्रतिनिधिमंडल वहां मौजूद रहेगा।”

प्रवक्ता ने यह भी कहा कि अगले सप्ताह अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत दोबारा शुरू होने की संभावना एक “सकारात्मक घटनाक्रम” है।

अमेरिका और ईरान ने हालांकि अब तक बातचीत दोबारा शुरू होने की संभावना को लेकर कोई बयान नहीं दिया है।

भाषा जितेंद्र धीरज

धीरज