अशोक लेलैंड का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत बढ़कर 1,381 करोड़ रुपये
अशोक लेलैंड का चौथी तिमाही में शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत बढ़कर 1,381 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) वाणिज्यिक वाहन विनिर्माता अशोक लेलैंड का वित्त 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत बढ़कर 1,381.32 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी की आय में मजबूत वृद्धि से लाभ बढ़ा है।
कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 1,245.92 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था।
अशोक लेलैंड ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने निजी नियोजन के आधार पर गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर जारी कर 300 करोड़ रुपये जुटाने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है।
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में कंपनी की एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 17,246.44 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 14,695.55 करोड़ रुपये थी।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ बढ़कर 3,720.98 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 3,382.79 करोड़ रुपये था।
वित्त वर्ष 2025-26 में अशोक लेलैंड की एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 56,362.08 करोड़ रुपये रही, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 48,535.14 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 2.50 रुपये के दूसरे अंतरिम लाभांश की घोषणा की है।
कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में उसकी कुल वाणिज्यिक वाहन (सीवी) बिक्री रिकॉर्ड 2,20,437 इकाई पर पहुंच गई, जो वित्त वर्ष 2018-19 में दर्ज 1,97,366 इकाई के पिछले उच्च स्तर से अधिक है।
कंपनी के चेयरमैन धीरज हिंदुजा ने कहा कि कंपनी ने विभिन्न कारोबार क्षेत्रों में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया और मजबूत वित्तीय नतीजे हासिल किए।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी वाणिज्यिक वाहन और निर्यात बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर रही, जो ग्राहकों के भरोसे को दर्शाती है।’’
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


