गुवाहाटी, दो जून (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को नयी दिल्ली में लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) और भारती एंटरप्राइजेज के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में जारी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा पूर्वोत्तर राज्य में भविष्य के निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।
शर्मा ने एलएंडटी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक एस. एन. सुब्रह्मण्यम से मुलाकात कर असम में कंपनी द्वारा क्रियान्वित की जा रही विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हमने असम में एलएंडटी द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं और उनके समयबद्ध तरीके से पूरा करने की रूपरेखा पर चर्चा की।’’
शर्मा ने बाद में भारती एंटरप्राइजेज के वाइस चेयरमैन राजन भारती मित्तल के साथ भी बैठक की। इस दौरान असम में समूह की विस्तार योजनाओं, विशेष रूप से दूरसंचार क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
शर्मा ने कहा, ‘‘हमने असम में समूह की विस्तार योजनाओं पर चर्चा की, जिसमें विशेष रूप से उन ‘डार्क एरिया’ को कवर करने पर ध्यान केंद्रित किया गया जहां अब तक इंटरनेट की सुविधा नहीं है। यह पहल इसलिए की गई, ताकि अधिक से अधिक लोग उचित फोन और इंटरनेट सेवाओं से लाभान्वित हो सकें।’’
भाषा
यासिर अजय
अजय