आसुस चालू वित्त वर्ष में गेमिंग लैपटॉप का उत्पादन शुरू करेगी

Ads

आसुस चालू वित्त वर्ष में गेमिंग लैपटॉप का उत्पादन शुरू करेगी

  •  
  • Publish Date - June 11, 2026 / 04:02 PM IST,
    Updated On - June 11, 2026 / 04:02 PM IST

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) ताइवान की कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माता कंपनी आसुस चालू वित्त वर्ष 2025-26 में भारत में लैपटॉप का स्थानीय उत्पादन बढ़ाकर 20-30 प्रतिशत करने की योजना बना रही है।

कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आसुस इंडिया के उपभोक्ता कारोबार के उत्पाद एवं विपणन प्रमुख परमजीत सिंह मेहता ने कहा कि कंपनी चालू वित्त वर्ष में गेमिंग लैपटॉप का स्थानीय विनिर्माण भी शुरू करने का लक्ष्य रखती है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में कंपनी भारत में अपनी लैपटॉप मांग का लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय उत्पादन के माध्यम से पूरा कर रही है और इसे इस वर्ष बढ़ाया जाएगा।

मेहता ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2024-25 में भारत में बिकने वाले आसुस के लैपटॉप में स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों की हिस्सेदारी 10 प्रतिशत थी। गेमिंग लैपटॉप के उत्पादन के जुड़ने के साथ यह आंकड़ा चालू वित्त वर्ष में बढ़कर 20-30 प्रतिशत हो जाएगा।’’

आसुस ने भारत में अपने टीयूएफ गेमिंग लैपटॉप के उत्पादन की शुरुआत करने की योजना की घोषणा की है।

मेहता ने कहा, ‘‘गेमिंग लैपटॉप का स्थानीय उत्पादन इस वर्ष शुरू होगा और हमारी जानकारी के अनुसार ऐसा करने वाला हम पहला ब्रांड होंगे।’’

भाषा योगेश अजय

अजय