नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) अरविंदो फार्मा का यूरोप और अमेरिका में मजबूत बिक्री के कारण दिसंबर तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर आठ प्रतिशत बढ़कर 910 करोड़ रुपये हो गया।
हैदराबाद स्थित इस दवा कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर अवधि में 846 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि तिमाही के दौरान उसकी परिचालन से कुल आय बढ़कर 8,646 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 7,979 करोड़ रुपये था।
अरविंदो फार्मा के वाइस चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के नित्यानंद रेड्डी ने कहा, ‘‘तीसरी तिमाही में कंपनी के मुख्य व्यवसायों में लगातार अच्छा प्रदर्शन दिखा, जिसे स्थिर मांग और अमेरिका और यूरोप सहित प्रमुख बाजारों में हमारे विविध उत्पाद पोर्टफोलियो की ताकत से समर्थन मिला।’’
रेड्डी ने कहा, ‘‘जैसे-जैसे हम अपनी रणनीतिक पहल को आगे बढ़ा रहे हैं, हम सतर्क हैं, फिर भी मध्यम अवधि में स्थायी मूल्य निर्माण को समर्थन करने की अपनी क्षमता पर आश्वस्त हैं।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय