नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) कभी शौकिया तौर पर निशानेबाजी अपनाने वाली कोल्हापुर की सोनम उत्तम मस्कर अब इस साल सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार है।
इस 23 वर्षीय 10 मीटर एयर राइफल निशानेबाज ने 2024 में विभिन्न प्रतियोगिताओं में तीन रजत पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई। इसमें नयी दिल्ली में आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में उनका शानदार प्रदर्शन भी शामिल है।
सोनम चीन के हांगझोऊ में 20 जुलाई से शुरू होने वाले आईएसएसएफ विश्व कप और उसके बाद सितंबर-अक्टूबर में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों में भी यह लय बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
सोनम ने कहा, ‘‘मुझे शुरू से ही खेलों में दिलचस्पी थी और मैं शतरंज भी खेलती थी। मैं कुछ अलग करना चाहती थी, इसलिए मैंने शौकिया रूप में निशानेबाजी शुरू की। लेकिन जल्द ही यह एक ऐसा शौक बन गया जिसे मैं अपना करियर बनाना चाहती थी।’’
सोनम ने मुंबई में कॉमर्स की पढ़ाई के दौरान 2018 में पहली बार राइफल उठाई थी। कोविड-19 महामारी और इसके कारण उनके परिवार पर पड़े आर्थिक दबाव से इसमें बाधा भी आई। उन्होंने 2021 में कोल्हापुर शूटिंग रेंज में गंभीरता से प्रशिक्षण फिर से शुरू किया।
उन्होंने कहा, ‘‘एक समय ऐसा था जब हम आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे थे, खासकर लॉकडाउन के दौरान। जब यह स्पष्ट हो गया कि मुझे अपने खुद के उपकरण की जरूरत है तो मेरे पिता ने कुछ संपत्ति बेच दी। यह एक बहुत बड़ा निर्णय था, लेकिन मेरे परिवार ने हमेशा मेरा साथ दिया है।’’
इसका फायदा सोनम को मिला। उन्होंने नयी दिल्ली में 2024 में आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में रजत पदक जीता। इससे पहले उन्होंने काहिरा विश्व कप में व्यक्तिगत और मिश्रित टीम पदक जीते थे। इस प्रदर्शन के कारण उन्हें रेलवे में नौकरी मिल गई।
उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली में विश्व कप फाइनल में जीता गया पदक मेरे करियर के सबसे खास पलों में से एक है। घरेलू दर्शकों के सामने रजत पदक जीतना अविस्मरणीय था।’’
अब उनकी निगाहें पूरी तरह से एशियाई खेलों पर टिकी हैं। वह विदेशी कोच फर्निक थॉमस और भारतीय कोचिंग स्टाफ के साथ अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरी तैयारियां अच्छी चल रही हैं। हम एशियाई खेलों के लिए पूरी तरह फिट रहने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।’’
भाषा
पंत
पंत