बजाज फिनसर्व अगले पांच साल में एआई, प्रौद्योगिकी स्टार्टअप में 2,000 करोड़ रुपये तक निवेश करेगी
बजाज फिनसर्व अगले पांच साल में एआई, प्रौद्योगिकी स्टार्टअप में 2,000 करोड़ रुपये तक निवेश करेगी
मुंबई, 28 मई (भाषा) बजाज फिनसर्व अगले पांच साल में कृत्रिम मेधा (एआई) और प्रौद्योगिकी आधारित स्टार्टअप में 2,000 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगी। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
बजाज फिनसर्व ने ‘फिनसर्व इंटेलिजेंस’ नामक रणनीतिक पहल की शुरुआत के साथ यह घोषणा की।
आधिकारिक बयान के अनुसार, यह पहल अनुप्रयुक्त अनुसंधान और नवाचार पर केंद्रित है, जिसका उद्देश्य भारत में विकसित उच्च प्रौद्योगिकी, कम लागत और बड़े स्तर पर विस्तार योग्य समाधान तैयार करना है।
बयान में कहा गया, ‘‘बजाज फिनसर्व समूह की कंपनियां अगले पांच वर्षों में एआई, साइबर सुरक्षा, क्वांटम प्रौद्योगिकी, फिनटेक और उपभोक्ता प्रौद्योगिकी मंचों से जुड़े उच्च विस्तार क्षमता वाले स्टार्टअप और शुरुआती चरण की कंपनियों में 1,500-2,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी।’’
कंपनी ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मुंबई के साथ संयुक्त अनुसंधान केंद्र स्थापित करने और एआई, साइबर सुरक्षा, क्वांटम प्रौद्योगिकी तथा खुदरा कारोबार के भौतिक अनुभव को नए सिरे से विकसित करने जैसे क्षेत्रों में संयुक्त कार्ययोजना तय करने के लिए साझेदारी भी की है।
कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजीव बजाज ने कहा, ‘‘वित्तीय सेवाओं में अगले दशक का मूल्य सृजन उन्हीं के हाथ में होगा, जो उसे शक्ति देने वाली प्रौद्योगिकी विकसित करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि आईआईटी-मुंबई के साथ मिलकर बजाज फिनसर्व भारत के श्रेष्ठ वैज्ञानिकों और महत्वाकांक्षी उद्यमियों को उन समस्याओं के समाधान के केंद्र में ला रही है, जो 140 करोड़ से अधिक भारतीयों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


