ढाका, 22 सितंबर (भाषा) बांग्लादेश ने सभी प्रमुख पेट्रोलियम उत्पादों के दाम 20 टका प्रति लीटर (करीब 15 रुपये) बढ़ा दिए हैं। यहां सात महीने में तीसरी बार ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी की गई है और फरवरी से अबतक खुदरा ईंधन कीमतों में अधिकतम 38.4 प्रतिशत तक वृद्धि हो चुकी है।
ऊर्जा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि नयी कीमतें सोमवार से प्रभावी हो गई हैं।
मंत्रालय ने कीमतों में बढ़ोतरी को सही ठहराते हुए कहा कि मार्च से वैश्विक ईंधन कीमतें दोगुनी से अधिक हो गई हैं, जबकि क्षेत्रीय अस्थिरता के कारण माल ढुलाई लागत में भी काफी वृद्धि हुई है।
ईंधन की कीमतों में इस बार की गई बढ़ोतरी से पहले अप्रैल और जून में भी दाम में वृद्धि की गई थी और यह सभी बढ़ोतरी देश में 12 फरवरी को हुए चुनावों के बाद हुई हैं। इस चुनाव में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) सत्ता में आई थी।
नयी दरों के तहत डीजल की कीमत 17.4 प्रतिशत बढ़कर 135 टका प्रति लीटर हो गई है, जो पहले 115 टका थी। वहीं ‘ऑक्टेन’ की कीमत 145 टका से बढ़कर 165 टका, पेट्रोल की कीमत 140 टका से बढ़कर 160 टका और मिट्टी के तेल (केरोसिन) की कीमत 135 टका से बढ़कर 155 टका प्रति लीटर हो गई है।
बीएनपी नेताओं ने वैश्विक ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए इस फैसले का बचाव किया। पार्टी के कार्यवाहक महासचिव एवं प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार रुहुल कबीर रिजवी ने कहा कि सरकार को अब भी डीजल पर प्रति लीटर 70 टका का नुकसान उठाना पड़ेगा।
भाषा यासिर अजय
अजय