ढाका, एक जून (भाषा) बांग्लादेश ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण सरकारी खजाने पर बढ़े दबाव को कम करने के प्रयासों के तहत सोमवार को छह सप्ताह में दूसरी बार ईंधन की खुदरा कीमतों में वृद्धि की।
ऊर्जा मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, मिट्टी के तेल (केरोसिन) की कीमत 130 टका प्रति लीटर से बढ़ाकर 135 टका (करीब 1.14 अमेरिकी डॉलर) प्रति लीटर कर दी गई, जबकि पेट्रोल की कीमत 135 टका से बढ़ाकर 140 टका प्रति लीटर कर दी गई है। हालांकि, डीजल की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह 115 टका प्रति लीटर पर स्थिर है।
यह छह सप्ताह के भीतर ईंधन कीमतों में दूसरी बार बढ़ोतरी की गई है।
बयान में कहा गया, ‘‘संशोधित कीमतें अंतरराष्ट्रीय पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में हुए बदलावों के अनुरूप निर्धारित की गई हैं।”
बांग्लादेश ने 2024 में एक स्वचालित ईंधन मूल्य निर्धारण तंत्र शुरू किया, जिसके तहत घरेलू ईंधन की कीमतों को अंतरराष्ट्रीय ईंधन की कीमतों, विनिमय दर में उतार-चढ़ाव और आयात लागत के आधार पर समय-समय पर समायोजित किया जाता है।
भाषा यासिर अजय
अजय