आरईसी का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में छह प्रतिशत घटकर 4,192.76 करोड़ रुपये पर

आरईसी का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में छह प्रतिशत घटकर 4,192.76 करोड़ रुपये पर

आरईसी का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में छह प्रतिशत घटकर 4,192.76 करोड़ रुपये पर
Modified Date: July 24, 2026 / 08:10 pm IST
Published Date: July 24, 2026 8:10 pm IST

नयी दिल्ली, 24 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की वित्त कंपनी आरईसी लिमिटेड का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सालाना आधार पर छह प्रतिशत घटकर 4,192.76 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से आय में कमी से कंपनी का लाभ कम हुआ है।

कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की जून तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 4,465.71 करोड़ रुपये था।

वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में कंपनी की कुल आय घटकर 14,469.49 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 14,823.98 करोड़ रुपये थी।

वित्त वर्ष 2026-27 में कंपनी की ऋण परिसंपत्तियों से प्राप्त ब्याज आय भी घटकर 13,888.18 करोड़ रुपये रही, जो वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 14,271.47 करोड़ रुपये थी।

आरईसी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 10 रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 4.25 रुपये के पहले अंतरिम लाभांश को मंजूरी दी है।

अंतरिम लाभांश के भुगतान के लिए पात्र शेयरधारकों के निर्धारण की रिकॉर्ड तारीख 31 जुलाई, 2026 तय की गई है।

कंपनी ने कहा कि अंतरिम लाभांश का भुगतान 23 अगस्त, 2026 तक कर दिया जाएगा।

भाषा यासिर रमण

रमण


लेखक के बारे में