बासमती चावल निर्यातक अमीर चंद का आईपीओ 24 मार्च को खुलेगा,मूल्य दायरा 201-212 रुपये प्रति शेयर
बासमती चावल निर्यातक अमीर चंद का आईपीओ 24 मार्च को खुलेगा,मूल्य दायरा 201-212 रुपये प्रति शेयर
नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) बासमती चावल निर्यातक अमीर चंद जगदीश कुमार (एक्सपोर्ट्स) लिमिटेड ने अपने आगामी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए मूल्य दायरा 201-212 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इससे कंपनी का मूल्यांकन 2,200 करोड़ रुपये आंका गया है।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को सार्वजनिक घोषणा में कहा कि उसका 440 करोड़ रुपये का आईपीओ 24 मार्च को खुलेगा और 27 मार्च को बंद होगा। निवेशकों के लिए बोली प्रक्रिया 23 मार्च को आयोजित की जाएगी।
हरियाणा स्थित कंपनी का प्रस्तावित आईपीओ पूरी तरह से नए निर्गम पर आधारित है जिसमें कोई बिक्री पेशकश (ओएफएस) नहीं है।
इस निर्गम से प्राप्त राशि का इस्तेमाल कार्यशील पूंजी की जरूरतों और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करने की योजना है।
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने अक्टूबर 2025 में इस आईपीओ को मंजूरी दी थी।
अमीर चंद जगदीश कुमार (एक्सपोर्ट्स) लिमिटेड भारत में बासमती चावल का प्रसंस्करण एवं निर्यात करने वाली कंपनी है। कंपनी अपने उत्पादों का विपणन प्रमुख ब्रांड ‘एरोप्लेन’ के तहत करती है।
कंपनी का शेयर दो अप्रैल को शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो सकता है।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


