नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) जर्मनी की बहुराष्ट्रीय कंपनी बायर एजी ने थोक सौदे के जरिये बायर क्रॉपसाइंस लिमिटेड की 11.91 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,207 करोड़ रुपये में खरीद ली है।
एनएसई पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस सौदे के बाद बृहस्पतिवार को बायर क्रॉपसाइंस का शेयर करीब एक प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,128 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी की प्रवर्तक इकाई बायर एजी ने कृषि-रसायन कंपनी बायर क्रॉपसाइंस लिमिटेड के 53,54,030 शेयर खरीदे, जो कंपनी की 11.91 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं।
यह सौदा बुधवार को प्रति शेयर औसतन 4,122.30 रुपये के भाव पर हुआ, जिससे कुल लेनदेन का मूल्य 2,207.09 करोड़ रुपये रहा।
वहीं, कंपनी की एक अन्य प्रवर्तक इकाई बायर क्रॉपसाइंस एक्टिएनगेजेलशाफ्ट (एजी) ने इतनी ही संख्या में शेयर बेचकर कंपनी से अपनी हिस्सेदारी पूरी तरह समाप्त कर ली।
इस अधिग्रहण के बाद बायर क्रॉपसाइंस में बायर एजी की हिस्सेदारी 8.43 प्रतिशत से बढ़कर 20.34 प्रतिशत हो गई है।
कंपनी ने कहा कि यह सौदा प्रवर्तक समूह के भीतर हुआ शेयर हस्तांतरण है। इससे कंपनी में प्रवर्तकों की कुल हिस्सेदारी में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
भाषा योगेश अजय
अजय