नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) सूचीबद्ध रियल एस्टेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट (रीट) के स्वामित्व वाले कुल कार्यालय स्थल में बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई की हिस्सेदारी 62 प्रतिशत है। उद्योग मंडल एसोचैम और नाइट फ्रैंक की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
उद्योग मंडल एसोचैम और संपत्ति सलाहकार नाइट फ्रैंक इंडिया ने मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट में रियल एस्टेट संपत्तियों में पूंजी के मौद्रीकरण, एकत्रीकरण और पुनर्चक्रण के साधन के रूप में रीट की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला।
रिपोर्ट के अनुसार, इस साल जून तक भारत के आठ प्रमुख शहरों में कुल 1,054.6 करोड़ वर्ग फुट कार्यालय स्थल था, जिसमें से 16.7 करोड़ वर्ग फुट सूचीबद्ध रीट के पास है।
रीट के इस कार्यालय पोर्टफोलियो में से 10.35 करोड़ वर्ग फुट कार्यक्षेत्र तीन दक्षिणी शहरों – बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में हैं।
प्रमुख कार्यालय बाजारों में बेंगलुरु में रीट की पैठ सबसे अधिक है। इसके बाद हैदराबाद और मुंबई का स्थान है।
नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा, ‘‘सूचीबद्ध रीट के विस्तार ने संस्थागत रियल एस्टेट निवेशकों के लिए उपलब्ध निकासी और पूंजीपुनर्चक्रण तंत्र को मजबूत किया है। इससे व्यापक निवेशक आधार के लिए संस्थागत रियल एस्टेट तक पहुंच आसान होती है।’’
एसोचैम के महासचिव सौरभ सान्याल ने कहा, ‘‘रियल एस्टेट अब भारत के लिए वृद्धि का एक महत्वपूर्ण उत्प्रेरक बनता जा रहा है। जैसे-जैसे देश विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है, यह क्षेत्र निवेश को गति देने और रोजगार सृजन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’’
भाषा अजय पाण्डेय
अजय