पटना, आठ सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई ने मंगलवार को घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन और गुजरात तथा केंद्र की सरकारों के प्रमुख के रूप में उनके 25 साल पूरे करने के उपलक्ष्य में राज्य में 17 सितंबर से एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पटना में संवाददाता सम्मेलन में कहा, “17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी का जन्मदिन है। उन्होंने सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। अगले महीने वह गुजरात के मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री के रूप में कुल 25 वर्ष पूरे करेंगे। इन वर्षों में उन्होंने सत्ता को जनसेवा का माध्यम बनाया। इसलिए पार्टी ने 17 सितंबर से एक महीने तक कई कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।”
उन्होंने बताया, “17 अक्टूबर को ‘जन सेवक महाकुंभ’ आयोजित किया जाएगा, जिसमें ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से लेकर सांसदों तक लगभग 1.25 लाख जनप्रतिनिधि एक स्थान पर एकत्र होकर ‘वंदे मातरम्’ के सभी छह अंतरे का सामूहिक गायन करेंगे। इस दौरान गिनीज विश्व रिकॉर्ड के निर्णायक भी विश्व रिकॉर्ड के प्रयास का मूल्यांकन करने के लिए मौजूद रहेंगे।”
सरावगी ने कहा कि सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में समान डिजाइन वाली मशालें और वाहन गांवों से चलकर जिला मुख्यालयों तक पहुंचेंगे।
सरावगी ने बताया कि ‘सेवा संस्मरण’ कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक गांवों, कस्बों और पूरे राज्य में संगीत एवं नाट्य प्रस्तुतियों के जरिये प्रधानमंत्री के जनसेवा कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्येक कार्यकर्ता से कम से कम 25 मिनट किसी प्रभावी सामुदायिक सेवा कार्य को समर्पित करने का आग्रह किया जाएगा।
सरावगी ने बताया कि ‘कहानी बदलाव की’ नामक सोशल मीडिया पहल के तहत मोदी के कार्यकाल में लोगों के जीवन में आए वास्तविक बदलाव की कहानियों को साझा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा आंगनवाड़ी संपर्क अभियान और ‘सेवा सेतु अभियान’ भी चलाया जाएगा, जिनके तहत सरकारी योजनाओं से वंचित सभी पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
भाषा
कैलाश पारुल
पारुल