नयी दिल्ली, 15 सितंबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लि. (बीएचईएल) ने मंगलवार को कहा कि उसने टीटागढ़ रेल सिस्टम्स लिमिटेड (टीआरएसएल) के साथ 35 साल तक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेट के व्यापक रखरखाव के लिए एक साझा उद्यम बनाने का समझौता किया है।
नियामकीय सूचना के अनुसार, साझा उद्यम कंपनी में बीएचईएल और टीआरएसएल की बराबर की हिस्सेदारी होगी।
इस साझा उद्यम को 50,00,000 रुपये की शुरुआती चुकता शेयर पूंजी के साथ ‘प्राइवेट लिमिटेड’ कंपनी के तौर पर बनाया जाएगा। कंपनी ने कहा कि साझा उद्यम कंपनी का पंजीकृत कार्यालय दिल्ली में होगा।
बीएचईएल और टीआरएसएल साझा उद्यम के बोर्ड में दो-दो निदेशक मनोनीत करेंगे।
नियामकीय सूचना में कहा गया है कि साझा उद्यम कंपनी दोनों प्रवर्तक कंपनियों की संयुक्त तकनीकी क्षमता का इस्तेमाल करके ट्रेन सेट की परिचालन तैयारी, सुरक्षा और विश्वसनीयता को 35 साल की ‘सर्विस लाइफ’ के दौरान सुनिश्चित करेगी।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय