ठाणे, 15 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मंगलवार तड़के पुलिस की तत्परता से चार लोगों के एक परिवार को आत्महत्या करने से बचा लिया गया। एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक को रात 1:58 बजे सूचना मिली कि एक व्यक्ति फाउंटेन ब्रिज पर अपनी पत्नी और दो छोटी बेटियों के साथ जान देने की कोशिश कर रहा है।
बयान के अनुसार, मुख्य आरक्षी संतोष धुला कोकरे और आरक्षी विकास श्रीरंग मोहिते 20 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचे और उन्हें पुल से कूदने से रोक लिया।
मीरा रोड ईस्ट का रहने वाला यह व्यक्ति डिलीवरी एजेंट के तौर पर काम करता है और उसने पुलिस को बताया कि आर्थिक तंगी के कारण उसने यह कठोर कदम उठाने का फैसला किया था।
बयान में कहा गया है, ‘पुलिस अधिकारियों ने पति-पत्नी को सुरक्षित काशीगांव थाने पहुंचाया, उन्हें परामर्श दी और घरेलू विवाद को सुलझाने के लिए उनके भाई-बहन से बात की।’
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश