बिहार विधानसभा में 12,165 करोड़ रुपये का तृतीय अनुपूरक बजट पारित
बिहार विधानसभा में 12,165 करोड़ रुपये का तृतीय अनुपूरक बजट पारित
पटना, 11 फरवरी (भाषा) बिहार विधानसभा ने बुधवार को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 12,165 करोड़ रुपये से अधिक के तृतीय अनुपूरक बजट से संबंधित विनियोग विधेयक को विपक्ष के बहिर्गमन के बीच ध्वनि-मत से पारित कर दिया।
बिहार के वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सोमवार को चालू वित्त वर्ष के लिए 12,165 करोड़ रुपये से अधिक का तृतीय अनुपूरक बजट विधानसभा में पेश किया था।
वित्त वर्ष 2025-26 के इस तृतीय अनुपूरक बजट में वार्षिक योजना मद के तहत 9,586.39 करोड़ रुपये और स्थापना एवं प्रतिबद्ध व्यय मद के तहत 2,579.04 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
अनुपूरक बजट में समग्र शिक्षा अभियान के लिए केंद्रीय अंश के रूप में 41.82 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए 1,013 करोड़ रुपये और सक्षम आंगनवाड़ी पोषण-2.0 के लिए 633.63 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सक्षम आंगनवाड़ी पोषण-2.0 कुपोषण से संबंधित चुनौतियों से निपटने के लिए एकीकृत पोषण सहायता कार्यक्रम है। इस योजना में बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पोषण सामग्री और सेवाओं की बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समन्वित तंत्र विकसित किया जाता है।
इसके अलावा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के लिए केंद्रीय अंश के रूप में 1,184 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई-एनआरएलएम) का उद्देश्य गरीब परिवारों को स्वरोजगार और कौशल आधारित रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
चर्चा में भाग लेते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और राज्य के पूर्व कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने कहा, “वे (राजग) इसे डबल इंजन की सरकार कहते हैं। लेकिन इसमें एक इंजन अपराध का है और दूसरा भ्रष्टाचार का। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) पहले ही राज्य सरकार को 70,877 करोड़ रुपये से अधिक के उपयोगिता प्रमाणपत्र जमा नहीं करने पर फटकार लगा चुका है। यह 70,000 करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला है। ऐसे में सरकार का चालू वित्त वर्ष के लिए और धन मांगना समझ से परे है।”
इसके अलावा, सदन ने वर्ष 2025-26 के लिए समाज कल्याण विभाग का 724 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट भी पारित किया। सदन ने इसी विभाग के लिए वर्ष 2026-27 हेतु 8,470 करोड़ रुपये की मांग को भी ध्वनिमत से पारित कर दिया।
विपक्ष के बहिर्गमन के बीच समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने ये दोनों प्रस्ताव सदन में पेश किए।
भाषा कैलाश नोमान प्रेम
प्रेम

Facebook


