बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स राज्य में निवेश बढ़ाने में निभा सकता है अहम भूमिका: सम्राट चौधरी

Ads

बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स राज्य में निवेश बढ़ाने में निभा सकता है अहम भूमिका: सम्राट चौधरी

  •  
  • Publish Date - May 24, 2026 / 10:20 PM IST,
    Updated On - May 24, 2026 / 10:20 PM IST

पटना, 24 मई (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि ‘बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज’ (बीसीसीआई) राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने और अधिकतम निवेश आकर्षित करने के सरकार के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभा सकता है।

बीसीसीआई के शताब्दी समारोह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार और व्यापारिक समुदाय के सहयोग से बिहार प्रगति से समृद्धि की ओर अग्रसर होगा तथा निवेशकों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि निजी निवेश को आकर्षित करने और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने ‘बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025’ तैयार किया है।

उन्होंने कहा कि बिहार में अधिकतम निवेश और औद्योगिक विकास सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में बीसीसीआई की भूमिका महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देश की सबसे सर्वश्रेष्ठ औद्योगिक नीतियों में से एक नीति तैयार करने के बावजूद बिहार में उस स्तर पर निवेश नहीं आया है, जिसकी उम्मीद थी।

उन्होंने कहा कि राज्य में किसी भी आपराधिक घटना पर प्राथमिकता के आधार पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की जा रही है और कोई भी कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता।

उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक हर तीन महीने में व्यवसायियों के साथ बैठक करेंगे ताकि उनकी सुरक्षा संबंधी चिंताओं और अन्य समस्याओं का समाधान किया जा सके।

मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि उद्योग केवल सरकारी खजाने से स्थापित नहीं किए जा सकते और सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत परियोजनाओं का विकास आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “वर्ष 2024 में 14,000 एकड़ भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब एक नयी टाउनशिप नीति लाई गई है, जिसके तहत छह लाख करोड़ रुपये के निवेश से 6.5 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में नयी ‘ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप’ विकसित की जाएंगी।’’

भाषा योगेश यासिर सुभाष

सुभाष