सीमेंस को ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के विद्युतीकरण का ठेका मिला

Ads

सीमेंस को ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के विद्युतीकरण का ठेका मिला

  •  
  • Publish Date - July 13, 2026 / 02:15 PM IST,
    Updated On - July 13, 2026 / 02:15 PM IST

नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी सीमेंस लिमिटेड को उत्तराखंड की ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना के लिए रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) से 263 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

इस ठेके के तहत कंपनी ‘ओवरहेड’ रेल विद्युतीकरण प्रौद्योगिकियों की आपूर्ति करेगी।

कंपनी ने बताया कि परियोजना के तहत करीब 102.5 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग पर सुरंग, पुल, यार्ड और अन्य संबंधित ढांचों में बिजली आपूर्ति के लिए ओवरहेड कैटेनरी प्रणाली स्थापित की जाएगी।

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण चारधाम संपर्क गलियारे का हिस्सा है। यह हिमालयी क्षेत्र में भारतीय रेलवे की प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल है।

कंपनी ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में हर मौसम में रेल संपर्क बेहतर होगा। इससे स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, लोगों और पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी तथा मौसम संबंधी चुनौतियों वाले पहाड़ी क्षेत्र में अधिक भरोसेमंद परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

सीमेंस लिमिटेड के परिवहन कारोबार के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजीव जोइसर ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग गलियारा देश के सबसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में से एक में टिकाऊ और विश्वसनीय संपर्क बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

भाषा योगेश अजय

अजय