मुंबई, 18 जून (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) शुक्रवार को एक लाख करोड़ रुपये की तीन दिन की ‘परिवर्ती दर रेपो’ (वीआरआर) नीलामी आयोजित करेगा। यह जानकारी केंद्रीय बैंक की ओर से जारी अधिसूचना में दी गई है।
आरबीआई ने कहा कि यह नीलामी 19 जून को सुबह 9.30 बजे से 10 बजे के बीच होगी, जबकि वित्तीय प्रणाली में डाली गई राशि 22 जून को वापस ली जाएगी।
केंद्रीय बैंक ने कहा कि मौजूदा एवं बदलती तरलता स्थिति की समीक्षा के बाद यह कदम उठाने का निर्णय लिया गया है।
वीआरआर की व्यवस्था के तहत आरबीआई बैंकों को अलग-अलग ब्याज दरों पर बोली के जरिये पैसा उधार देता है।
बैंकिंग प्रणाली में अतिरिक्त नकदी 17 जून को घटकर 4,772.21 करोड़ रुपये रह गयी, जो 16 जून को 23,881.21 करोड़ रुपये थी। विशेषज्ञों के अनुसार, अग्रिम कर भुगतान के कारण नकदी के प्रणाली से बाहर जाने के कारण यह गिरावट आई है।
आरबीआई के आंकड़ों के मुताबिक, 17 जून का स्तर 22 मार्च, 2026 के बाद सबसे कम है, जब बैंकिंग प्रणाली में 65,395.64 करोड़ रुपये की नकदी कमी दर्ज की गई थी।
तरलता दबाव को कम करने और ओवरनाइट मनी मार्केट दरों को नियंत्रित रखने के लिए केंद्रीय बैंक ने पिछले कुछ दिनों में विभिन्न अवधियों की वीआरआर नीलामी के जरिए करीब 1.89 लाख करोड़ रुपये की अस्थायी नकदी डाली है।
इसमें 18 जून को दो नीलामियों के जरिये 72,300 करोड़ रुपये, 16 जून को सात दिन की वीआरआर नीलामी के जरिए 89,440 करोड़ रुपये और 15 जून को ओवरनाइट नीलामी के जरिये डाले गए 28,220 करोड़ रुपये शामिल हैं।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय