महाराष्ट्र में युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए बीवाईएसटी, यार्डी सॉफ्टवेयर की साझेदारी

महाराष्ट्र में युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए बीवाईएसटी, यार्डी सॉफ्टवेयर की साझेदारी

महाराष्ट्र में युवाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए बीवाईएसटी, यार्डी सॉफ्टवेयर की साझेदारी
Modified Date: May 22, 2026 / 05:16 pm IST
Published Date: May 22, 2026 5:16 pm IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) युवाओं के व्यावसायिक विचारों को सफल उद्यम बनाने में मदद करने वाली संस्था भारतीय युवा शक्ति ट्रस्ट (बीवाईएसटी) ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में युवाओं के उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने के लिए यार्डी सॉफ्टवेयर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी की है।

इस साझेदारी के तहत ‘यंग ग्रामप्रेन्योर डेवलपमेंट प्रोग्राम’ शुरू किया जाएगा, जिसका उद्देश्य जिले में युवा उद्यमियों की पहचान करना, उन्हें प्रशिक्षण देना और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

बीवाईएसटी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उसने इस क्षेत्र में 1,000 से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया है और 25,000 से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया है।

नए कार्यक्रम के तहत 100 युवा उद्यमियों को मार्गदर्शन और बैंकों से जुड़ी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा ‘मेंटोरिंग इंडिया’ पहल के तहत 150 संस्थागत मार्गदर्शकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम के माध्यम से जागरूकता गतिविधियों के जरिए 6,400 युवाओं तक पहुंच बनाई जाएगी, जबकि 1,900 युवाओं को व्यक्तिगत कारोबारी परामर्श और 800 युवाओं को बीवाईएसटी के प्रमाणित एसटीईपी (उद्यमिता प्रोत्साहन के लिए छात्र प्रशिक्षण) उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बीवाईएसटी के अनुसार, इस पहल के तहत भागीदार बैंकों के माध्यम से लगभग पांच करोड़ रुपये के ऋण वितरण का अनुमान है। इसके साथ ही 1,500 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।

बीवाईएसटी की संस्थापक और प्रबंध न्यासी लक्ष्मी वेंकटरमन वेंकटेशन ने कहा, ‘भारत की अर्थव्यवस्था, विशेष रूप से छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में सूक्ष्म उद्यमिता की भूमिका बेहद अहम है। विनिर्माण, सेवा और खुदरा क्षेत्र के उद्यम स्थानीय स्तर पर रोजगार पैदा करते हैं और स्थानीय स्तर पर धन के प्रवाह को बनाए रखते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘‘युवाओं को इन तीन क्षेत्रों में प्रवेश करने के लिए संरचनात्मक सहायता प्रदान करके, यह कार्यक्रम उन्हें बेरोजगारी से… छोटे व्यवसायों की ओर बढ़ने में मदद करता है।’’

यार्डी सॉफ्टवेयर इंडिया की सीएसआर (कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व) प्रमुख भारती कोतवाल ने कहा, ‘बीवाईएसटी के साथ हमारी यह साझेदारी उन युवाओं की मदद करेगी जिनके पास व्यावसायिक विचार तो हैं, लेकिन उन्हें सही मार्गदर्शन, नेटवर्क और पूंजी की जरूरत है।’

भाषा

योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में