सीसीआई में सदस्य के दो पद भरने के लिए आवेदन आमंत्रित
सीसीआई में सदस्य के दो पद भरने के लिए आवेदन आमंत्रित
नयी दिल्ली, 17 अगस्त (भाषा) सरकार ने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) में सदस्यों के पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय के एक सार्वजनिक नोटिस के मुताबिक, यह नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से पांच साल या 65 वर्ष की आयु तक, जो भी पहले हो, के लिए होगी। सदस्यों को हर महीने पांच लाख रुपये का एकीकृत वेतन मिलेगा। उन्हें सरकारी आवास या कार की सुविधा नहीं मिलेगी।
योग्य उम्मीदवार 28 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
आवेदकों के पास अंतरराष्ट्रीय व्यापार, अर्थशास्त्र, वाणिज्य, कानून, वित्त, लेखा, प्रबंधन, उद्योग, प्रौद्योगिकी, लोक मामलों या प्रतिस्पर्धा मामलों (कानून और नीति सहित) के क्षेत्रों में कम-से-कम 15 साल का पेशेवर अनुभव और विशेष ज्ञान होना चाहिए।
कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय ने नोटिस में कहा, ‘‘ऐसा व्यक्ति जो पात्रता, सत्यनिष्ठा एवं प्रतिष्ठा रखता हो और केंद्रीय सरकार की राय में आयोग के लिए उपयोगी हो सकता है, सीसीआई के सदस्य के रूप में नियुक्ति के लिए पात्र है।’’
इन रिक्तियों का महत्व इसलिए बढ़ गया है क्योंकि सीसीआई में दो सदस्यों के पद जल्द ही खाली होने वाले हैं।
सीसीआई के सदस्य अनिल अग्रवाल ने करीब तीन साल के कार्यकाल के बाद 14 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था। वहीं, सदस्य दीपक अनुराग का कार्यकाल इस साल सितंबर में समाप्त होने वाला है।
दोनों पद खाली होने के बाद निष्पक्ष व्यापार नियामक के पास केवल दो सदस्य रह जाएंगे। इनमें अध्यक्ष रवनीत कौर और सदस्य श्वेता कक्कड़ शामिल हैं।
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम

Facebook


