केंद्र का राजकोषीय घाटा पहली तिमाही में पूरे वित्त वर्ष के लक्ष्य के 18.2 प्रतिशत पर: सीजीए आंकड़े

केंद्र का राजकोषीय घाटा पहली तिमाही में पूरे वित्त वर्ष के लक्ष्य के 18.2 प्रतिशत पर: सीजीए आंकड़े

केंद्र का राजकोषीय घाटा पहली तिमाही में पूरे वित्त वर्ष के लक्ष्य के 18.2 प्रतिशत पर: सीजीए आंकड़े
Modified Date: July 31, 2026 / 04:50 pm IST
Published Date: July 31, 2026 4:50 pm IST

नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) केंद्र सरकार का राजकोषीय घाटा जून के अंत तक समूचे वित्त वर्ष 2026-27 के लक्ष्य का 18.2 प्रतिशत रहा। शुक्रवार को जारी सीजीए आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही अप्रैल-जून में यह बजट अनुमान का 17.9 प्रतिशत था।

महालेखा नियंत्रक (सीजीए) के आंकड़ों के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून अवधि में राजकोषीय घाटा (सरकार के व्यय और राजस्व के बीच का अंतर) कुल 3,07,833 करोड़ रुपये रहा।

केंद्र सरकार ने चालू वित्त वर्ष के लिए राजकोषीय घाटा सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 4.3 प्रतिशत अथवा 16.96 लाख करोड़ रुपये रहने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

सीजीए के आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 तक केंद्र का शुद्ध कर राजस्व 6.36 लाख करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान का 22.2 प्रतिशत है।

गत वित्त वर्ष की समान अवधि में शुद्ध कर राजस्व उस वर्ष के बजट अनुमान का 19 प्रतिशत था।

मासिक लेखा आंकड़ों के अनुसार, पहली तिमाही में केंद्र का कुल व्यय 13.57 लाख करोड़ रुपये रहा जो बजट अनुमान का 25.4 प्रतिशत है। एक वर्ष पहले की समान अवधि में यह 24.1 प्रतिशत था।

भाषा निहारिका रमण

रमण


लेखक के बारे में