केंद्र की कृषि योजनाओं के तहत मिजोरम को 75.79 करोड़ रुपये मिले
केंद्र की कृषि योजनाओं के तहत मिजोरम को 75.79 करोड़ रुपये मिले
आइजोल, 30 सितंबर (भाषा) राज्य के कृषि क्षेत्र को विकसित करने के लिए केंद्र की योजनाओं के तहत मिजोरम को 75.79 करोड़ रुपये मिले हैं। बुधवार को जारी एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गई है।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को नयी दिल्ली में ‘रबी अभियान पर राष्ट्रीय सम्मेलन’ में राज्य के कृषि और किसान कल्याण मंत्री पी.सी. वनलालरुता को कोष जारी करने का आदेश सौंपा।
बयान में कहा गया कि इस राशि में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (केकेवीवाई) के तहत 27.84 करोड़ रुपये और कृषोन्नति योजना (केवाई) के तहत 47.95 करोड़ रुपये शामिल हैं।
राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए, वनलालरुता ने मिजोरम में कृषि क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर सड़क संपर्क की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसान अक्सर अपने गांवों से दूर खेती करते हैं और अपनी उपज को लाने-ले जाने में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि उपज, विशेषकर पामतेल के परिवहन के लिए उचित कृषि संपर्क सड़कें आवश्यक हैं। पामतेल की कटाई का मौसम मानसून के दौरान होता है, जब अक्सर सड़कों की स्थिति खराब हो जाती है।
उन्होंने केंद्र से बेहतर कृषि संपर्क स्थापित करने के लिए पीएम-केकेवीवाई योजना के तहत कृषि संपर्क सड़कों को शामिल करने का आग्रह किया और कहा कि मिजोरम में कृषि उत्पादों के परिवहन के लिए वर्तमान में एक मोनोरेल प्रणाली विकसित की जा रही है।
मंत्री ने मिजोरम जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए विशेष प्रावधानों की भी मांग की और कहा कि कई कृषि योजनाएं मुख्य रूप से मैदानी इलाकों के लिए बनाई गई हैं।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


