सोना 700 रुपये बढ़कर 1.49 लाख रुपये पर, चांदी स्थिर

सोना 700 रुपये बढ़कर 1.49 लाख रुपये पर, चांदी स्थिर

सोना 700 रुपये बढ़कर 1.49 लाख रुपये पर, चांदी स्थिर
Modified Date: September 30, 2026 / 06:30 pm IST
Published Date: September 30, 2026 6:30 pm IST

नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में दो महीने के निचले स्तर से सुधार हुआ और ये 700 रुपये बढ़कर 1.49 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं। वैश्विक बाजार में मजबूती के रुख के बीच निवेशकों की कम कीमत पर की गई खरीदारी से सोने में तेजी आई।

स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में दो सत्रों से जारी गिरावट थम गई और यह 700 रुपये बढ़कर 1,49,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई, जबकि मंगलवार को यह 1,48,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

हालांकि, चांदी की कीमत लगातार दूसरे सत्र में 2.32 लाख रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर स्थिर रही।

ब्रोकरेज मंच लेमन के शोध प्रमुख, गौरव गर्ग के अनुसार, हालिया नुकसान के बाद व्यापारियों द्वारा नीचे दाम पर की गई लिवाली से बुधवार को सोने की कीमतों में सुधार हुआ।

गर्ग ने कहा कि हालांकि, अमेरिकी डॉलर में उतार-चढ़ाव ने कीमतों में ज्यादा बढ़ोतरी को रोक दिया।

वैश्विक बाजार में, हाजिर सोना मामूली बढ़त के साथ 4,190 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 1.28 प्रतिशत टूटकर 60.68 डॉलर प्रति औंस रह गई।

आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स लिमिटेड की जिंस और मुद्रा शोध विश्लेषक, वेदिका नार्वेकर ने कहा, ‘‘सोना 4,195 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना हुआ था और सितंबर में पांच प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद होने की राह पर था, जो समर्थन करने वाले कारकों और लगातार बनी हुई चुनौतियों के बीच खींचतान को दिखाता है।’’

नार्वेकर ने कहा, ‘‘चीन का ‘गोल्डन वीक’ बृहस्पतिवार से शुरू हो रहा है, जिससे आमतौर पर आभूषणों की मांग बढ़ती है और इससे कुछ समर्थन मिल सकता है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में