सोना 200 रुपये बढ़कर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी स्थिर

Ads

सोना 200 रुपये बढ़कर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी स्थिर

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 07:11 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 07:11 PM IST

नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) सोने के दाम में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन तेजी जारी रही। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 200 रुपये बढ़कर 1.54 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। कमजोर अमेरिकी डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के बीच विदेशी बाजारों में आई तेजी का घरेलू बाजार पर सकारात्क असर पड़ा।

स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, लगातार चौथे सत्र में बढ़त के साथ, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 200 रुपये बढ़कर 1,54,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) हो गई। बृहस्पतिवार को यह 1,53,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर थी।

हालांकि, स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, पिछले सत्र में तेज उछाल के बाद चांदी की कीमत 2,34,800 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर स्थिर रही।

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध प्रमुख, गौरव गर्ग ने कहा कि सोने में लगातार चौथे सत्र में बढ़त जारी रही और यह कीमती धातु जनवरी के बाद से अपने सबसे मजबूत साप्ताहिक प्रदर्शन की ओर बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि इस तेजी का कारण कमजोर डॉलर, महंगाई की उम्मीदों में कमी और अमेरिकी गैर-कृषि रोजगार रिपोर्ट से पहले सर्राफा की लगातार मांग है।

गर्ग ने कहा कि निवेशकों के बीच बेहतर होते धारणा के कारण चांदी की कीमतों में भी बढ़त हुई।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना 84.74 डॉलर यानी दो प्रतिशत बढ़कर 4,325.43 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी में 4 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ यह 64.17 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

कोटक सिक्योरिटीज की जिंस शोध विभाग की एवीपी, कायनात चेनवाला ने कहा कि शुक्रवार को विदेशी बाजारों में हाजिर सोना बढ़कर 4,350 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गया, जबकि चांदी 4 प्रतिशत से अधिक बढ़कर लगभग 64 डॉलर प्रति औंस हो गई।

उन्होंने कहा कि बाजार में शामिल लोग आज आने वाली अमेरिकी गैर-कृषि पेरोल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे फेडरल रिजर्व के ब्याज दर परिदृश्य के बारे में नए संकेत मिलने की उम्मीद है।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण