मुख्यमंत्री यादव ने भोपाल में औद्योगिक पार्क की आधारशिला रखी

Ads

मुख्यमंत्री यादव ने भोपाल में औद्योगिक पार्क की आधारशिला रखी

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 04:00 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 04:00 PM IST

भोपाल, छह जुलाई (भाषा) मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के सतगढ़ी इलाके में एक औद्योगिक पार्क का भूमि-पूजन किया और कहा कि इसे देश के पहले उद्योग मंत्री डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम से जाना जाएगा।

भारतीय जनसंघ के संस्थापक और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचारक रहे मुखर्जी की जयंती के अवसर पर यहां आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 173 एकड़ में बनने वाला इस औद्योगिक पार्क की आधारशिला रखी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्क भोपाल एवं आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार का नया आधार बनेगा।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि आवास क्षेत्र के रूप में तेजी से विकसित हो रहा कोलार आने वाले समय में निवेश, उद्योग एवं रोजगार का नया केंद्र बनेगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना की एक प्रमुख विशेषता यहां 25 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाने वाला विश्वस्तरीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र होगा, जो भोपाल को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के लिए नई पहचान प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र किसानों के लिए भी समृद्धि का द्वार खोलेंगे, युवाओं को रोजगार मिलेगा और कपड़ा उद्योग से कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार खेत से कारखाने और उद्योग को बाजार से जोड़ने के लिए कार्य कर रही है। भोपाल प्राकृतिक सुंदरता और झील-तालाबों की नगरी है, लेकिन अब यह स्मार्ट औद्योगिक पार्क भी राजधानी की पहचान बनेगा।’

उन्होंने कहा, ‘कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर सृजित होंगे। भोपाल औद्योगिक नगरी के रूप में नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।’

यादव ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक अंचल में देश-दुनिया के निवेशक औद्योगिक इकाइयां स्थापित कर रहे हैं।

शिवपुरी में रविवार को रक्षा क्षेत्र की बड़ी औद्योगिक इकाई के भूमि-पूजन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां बनने वाली मिसाइल की क्षमता 1,000 किलोमीटर की होगी, जो पाकिस्तान के किसी भी कोने तक पहुंच सकेगी।

अधिकारियों के मुताबिक यह परियोजना ‘वर्क-लिव-ग्रो’ मॉडल पर आधारित होगी, जिसमें उद्योगों के साथ कौशल विकास, नवाचार तथा गुणवत्तापूर्ण जीवन के लिए आवश्यक सुविधाओं का समन्वित विकास किया जाएगा।

कार्यक्रम में राज्य सरकार में मंत्री कृष्णा गौर, स्थानीय विधायक रामेश्वर शर्मा एवं प्रदेश के लगभग 200 से अधिक प्रमुख उद्योगपतियों, निवेशकों तथा उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

भाषा ब्रजेन्द्र

राजकुमार अजय

अजय