हैदराबाद, छह जुलाई (भाषा) सऊदी समूह की एयरलाइन फ्लाईडील ने हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अपने पहले विमान के पहुंचने के साथ ही भारत में अपनी उड़ान परिचालन की शुरुआत कर दी है।
जीएमआर हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (जीएचआईएएल) ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि रियाद से हैदराबाद पहुंची फ़्लाईडील की उड़ान का यहां स्वागत किया गया।
पहली उड़ान चार जुलाई को रियाद से यहां पहुंची।
कंपनी के अनुसार, इस नई सेवा से हैदराबाद हवाई अड्डे की अंतरराष्ट्रीय विमानन केंद्र के रूप में बढ़ती पहचान को और मजबूती मिलेगी। साथ ही भारत और सऊदी अरब के बीच हवाई संपर्क भी बेहतर होगा।
बयान में कहा गया है कि एयरलाइन कंपनी रियाद-हैदराबाद-रियाद मार्ग पर प्रतिदिन उड़ान का परिचालन करेगी। इसके लिए एयरबस ए320 विमान का उपयोग किया जाएगा।
जीएचआईएएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कादिर काधिरवन ने कहा कि फ्लाईडील का भारत में पहला परिचालन हैदराबाद से शुरू होना हवाई अड्डे के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
फ्लाईडील के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी लॉयड मिसक्विटा ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेज़ी से बढ़ते विमानन बाजारों में से एक है। हैदराबाद के लिए पहली उड़ान सेवा शुरू करना कंपनी के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव है।
बयान के अनुसार, राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा वर्तमान में 76 घरेलू और 24 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से जुड़ा हुआ है।
भाषा यासिर अजय
अजय