(Maya Tata in Tata Group/ Image Credit: Instagram)
नई दिल्ली: Maya Tata in Tata Group: टाटा ग्रुप के नेतृत्व से जुड़े बदलावों के बीच माया टाटा का नाम तेजी से चर्चा में है। वह नोएल टाटा की बेटी और रतन टाटा की भतीजी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 37 वर्षीय माया अब ट्रेंट लिमिटेड के साथ जुड़ने जा रही हैं। उन्हें कंपनी के प्रमुख फैशन ब्रांड वेस्टसाइड के ओवरसीज ई-कॉमर्स और मार्केटिंग से जुड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इससे पहले वह टाटा डिजिटल में काम कर रही थी। जहां से उन्होंने हाल ही में इस्तीफा दिया है।
माया टाटा का मुख्य लक्ष्य वेस्टसाइड के ऑनलाइन कारोबार को मजबूत करना और उसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान दिलाना होगा। ट्रेंट लिमिटेड वेस्टसाइड को एक ग्लोबल भारतीय फैशन ब्रांड के रूप में स्थापित करना चाहती है। कंपनी हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में भी अपना विस्तार कर चुकी है। देशभर में वेस्टसाइड के 300 से अधिक स्टोर हैं और अब कंपनी इन स्टोर्स को अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म से बेहतर तरीके से जोड़कर ऑनलाइन बिक्री बढ़ाने की योजना बना रही है।
नोएल टाटा के तीनों बच्चे टाटा समूह की अलग-अलग कंपनियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। माया टाटा के भाई नेविल टाटा ट्रेंट के हाइपरमार्केट बिजनेस ‘स्टार बाजार’ का नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं उनकी बहन लिया टाटा, ताज ग्रुप के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। माया ने अपने भाई-बहन से अलग राह चुनते हुए टाटा समूह की कई कंपनियों में काम करके अलग-अलग क्षेत्रों का अनुभव हासिल किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, माया टाटा का ट्रेंट से जुड़ना टाटा समूह की भविष्य की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। नोएल टाटा इन दिनों टाटा डिजिटल के प्रदर्शन पर खास ध्यान दे रहे हैं। जबकि ट्रेंट लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाली कंपनियों में शामिल है। ऐसे में माना जा रहा है कि माया का अनुभव वेस्टसाइड के डिजिटल विस्तार और अंतरराष्ट्रीय ई-कॉमर्स कारोबार को नई गति देने में मदद करेगा। आने वाले समय में टाटा समूह में उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो सकती है।