कोल इंडिया की इकाई बीसीसीएल की प. बंगाल की वॉशरी में परिचालन शुरू
कोल इंडिया की इकाई बीसीसीएल की प. बंगाल की वॉशरी में परिचालन शुरू
नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) की इकाई भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में अपनी 20 लाख टन सालाना क्षमता वाली भोजूडिह कोकिंग कोयला वॉशरी में व्यावसायिक परिचालन शुरू करने की घोषणा की। इस पहल का उद्देश्य इस्पात क्षेत्र को धुले हुए कोंकिंग कोयले की आपूर्ति बढ़ाना है।
कोकिंग कोयला इस्पात उत्पादन में इस्तेमाल होने वाला एक महत्वपूर्ण कच्चा माल है।
इस वॉशरी की शुरुआत ऐसे समय में हुई है जब भारत अपनी घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए कोकिंग कोयले के आयात पर काफी निर्भर है, जिसपर काफी विदेशी मुद्रा खर्च होती है।
कंपनी ने बीएसई को भेजी सूचना में कहा कि भोजूडिह कोयला वॉशरी का व्यावसायिक परिचालन 26 मई, 2026 से शुरू हो गया है।
यह नई सुविधा मध्यम क्षमता वाली तीन-उत्पाद की कोकिंग कोयला वॉशरी है, जिसकी कच्चे कोयले की धुलाई क्षमता 20 लाख टन सालाना है।
कंपनी के अनुसार, इस वॉशरी का निर्माण बनाओ, चलाओ और देखरेख करो (बीओएम) मॉडल के तहत किया गया है।
यह वॉशरी इस्पात उद्योग के लिए उच्च गुणवत्ता वाले धुले हुए कोकिंग कोयले के उत्पादन और आपूर्ति में मदद करेगी।
भाषा अजय अजय
अजय

Facebook


