कोयला उत्पादन 4.5 प्रतिशत बढ़ा, बिजली संयंत्रों के लिए पर्याप्त भंडार मौजूद: मंत्री
कोयला उत्पादन 4.5 प्रतिशत बढ़ा, बिजली संयंत्रों के लिए पर्याप्त भंडार मौजूद: मंत्री
नयी दिल्ली, आठ सितंबर (भाषा) केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि देश में कोयला उत्पादन में सालाना आधार पर 4.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है और बिजली संयंत्रों के लिए कोयले के भंडार को लेकर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
हालांकि, उन्होंने माना कि मौसम (मानसून) की स्थिति के कारण करीब 10 दिन तक कोयला उत्पादन प्रभावित हुआ था, लेकिन अब कोई समस्या नहीं है।
रेड्डी ने कोल इंडिया के कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के मौके पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे पास 12.3 करोड़ टन कोयला उपलब्ध है, जो देश में 51 दिन के भंडार के लिए पर्याप्त है। इसलिए बिजली संयंत्रों में कोयले के गंभीर संकट की कोई समस्या नहीं है।’’
मंत्री ने कोयला गैसीकरण योजना के बारे में बताया कि बोली जमा करने की अंतिम तिथि सात सितंबर थी और इसके लिए सात आवेदन प्राप्त हुए हैं।
कोयला मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार, एनटीपीसी, अदाणी एंटरप्राइजेज, तलचर फर्टिलाइजर्स, गैलेंट इस्पात और श्याम सेल एंड पावर आदि कंपनियों ने बोली लगाई है।
रेड्डी ने यह भी बताया कि कोयला कंपनियों के पास 10 करोड़ टन कोयला रास्ते में है और बिजली कंपनियों के पास 23 दिन का कोयला भंडार मौजूद है।
भाषा
यासिर अजय
अजय

Facebook


