एनएसई का आईपीओ 18 सितंबर को आने की उम्मीद, 25 सितंबर को शेयर हो सकता है सूचीबद्ध : सूत्र
एनएसई का आईपीओ 18 सितंबर को आने की उम्मीद, 25 सितंबर को शेयर हो सकता है सूचीबद्ध : सूत्र
कोलकाता, आठ सितंबर (भाषा) नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का करीब 30,000 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 18 सितंबर को खुल सकता है। एनएसई का शेयर 25 सितंबर को बाजार में सूचीबद्ध होने की संभावना है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, आईपीओ का मूल्य दायरा 15 सितंबर को घोषित किए जाने की संभावना है, जबकि एंकर (बड़े) निवेशक 17 सितंबर को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे।
इस सार्वजनिक निर्गम के 18 सितंबर, 21 सितंबर और 22 सितंबर को खुला रहने की संभावना है।
हालांकि, इस निर्गम की समय-सारणी को लेकर शेयर बाजार की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सूत्रों ने बताया कि करीब 30,000 करोड़ रुपये का यह आईपीओ वर्ष 2024 में आए हुंदै मोटर इंडिया के 27,870 करोड़ रुपये के निर्गम को पीछे छोड़कर देश का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम बन सकता है।
एनएसई का आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित होगा। इसके तहत एक रुपये अंकित मूल्य वाले 14.89 करोड़ तक शेयरों की बिक्री की जाएगी, जो एनएसई की कुल चुकता पूंजी का करीब छह प्रतिशत है।
सूत्रों ने कहा कि इसमें नए शेयर जारी नहीं किए जाएंगे, यानी इस पेशकश से मिलने वाली राशि सीधे एक्सचेंज को प्राप्त नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि आईपीओ की प्रस्तावित समय-सारणी इस तरह तय की गई है ताकि 26 सितंबर से शुरू होने वाले 16 दिन के पितृ पक्ष से पहले एनएसई के शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो जाएं।
सूत्रों के अनुसार, एनएसई का आईपीओ करीब एक दशक से प्रक्रिया में था और इस महीने की शुरुआत में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) से जरूरी नियामकीय मंजूरी मिलने के बाद इसका रास्ता साफ हो गया।
एनएसई कारोबार गतिविधियों के लिहाज से भारत का सबसे बड़ा शेयर बाजार है और यह प्रमुख सूचकांक निफ्टी-50 का संचालन करता है।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


