नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को कच्चे तेल की कीमतों में शुरुआती गिरावट के बाद तेजी आई और यह 8,224 रुपये प्रति बैरल पर कारोबार करने लगा। ईरान पर अमेरिका के नए हवाई हमलों के बीच वैश्विक मानक में आई तेजी का असर इस पर दिखा, जिससे पश्चिम एशिया से आपूर्ति में रुकावट की चिंताएँ फिर से बढ़ गईं।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चे तेल का अगस्त माह में डिलिवरी होने वाला अनुबंध 110 रुपये या 1.36 प्रतिशत की तेजी के साथ 8,224 रुपये प्रति बैरल हो गया।
कच्चे तेल के सितंबर माह में डिलिवरी होने वाला अनुबंध 75 रुपये या एक प्रतिशत की तेजी के साथ 7,973 रुपये प्रति बैरल हो गया।
कारोबारियों ने कहा कि घरेलू वायदा बाजार में कच्चे तेल की कीमतें वैश्विक मानक के अनुरूप फिर से बढ़ीं। ईरान पर अमेरिका के नए हवाई हमलों से पश्चिम एशिया से आपूर्ति में रुकावट की चिंताएं फिर से बढ़ गईं, जिससे बाजार में शामिल लोगों ने नये सौदे खरीदने शुरू कर दिये।
वैश्विक स्तर पर सितंबर डिलीवरी वाले वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चा तेल करीब एक प्रतिशत की तेजी के साथ 85.03 डॉलर प्रति बैरल हो गया जबकि सितंबर डिलीवरी वाले ब्रेंट क्रूड का दाम करीब दो प्रतिशत बढ़कर 92.33 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
भाषा राजेश राजेश
राजेश