डेकाथलॉन इंडिया का थोक कारोबार पांच साल में 20 गुना बढ़ा
डेकाथलॉन इंडिया का थोक कारोबार पांच साल में 20 गुना बढ़ा
नयी दिल्ली, 11 सितंबर (भाषा) खेल सामान बनाने एवं खुदरा बिक्री करने वाली कंपनी डेकाथलॉन स्पोर्ट्स इंडिया के थोक कारोबार में पिछले पांच वर्षों में 20 गुना वृद्धि हुई है। अब कंपनी के कुल कारोबार में इसकी हिस्सेदारी करीब 10 प्रतिशत हो गई है। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
कंपनी पंजीयन (आरओसी) में दाखिल दस्तावेजों के अनुसार, 31 मार्च, 2025 को समाप्त वित्त वर्ष में डेकाथलॉन इंडिया की परिचालन आय 4,133.10 करोड़ रुपये रही थी। कंपनी ने फिलहाल वित्त वर्ष 2025-26 के आंकड़े आरओसी के पास दाखिल नहीं किए हैं।
डेकाथलॉन का थोक कारोबार देशभर में 20,000 से अधिक पिन कोड तक सामान पहुंचा रहा है। इस तरह उसकी पहुंच देश के 90 प्रतिशत से अधिक हिस्से तक हो गई है।
कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर, लेह-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर सहित टियर-2 तथा टियर-3 क्षेत्रों से उसके कुल बी2बी कारोबार का 40 प्रतिशत से अधिक हिस्सा आता है।’’
डेकाथलॉन ने कहा कि उसका थोक कारोबार अब खेल संबंधी एकीकृत समाधान उपलब्ध कराने वाले भागीदार के रूप में अपनी पहुंच बढ़ा रहा है। कंपनी रक्षा प्रतिष्ठानों, सरकारी संस्थाओं और 20,000 से अधिक कॉरपोरेट ग्राहकों एवं संस्थाओं के साथ काम कर रही है।
कंपनी के थोक कारोबार के निदेशक राघवेंद्र सिंह ने कहा, “थोक यानी कारोबारियों (बी2बी) के बीच व्यवसाय अब डिकैथलॉन स्पोर्ट्स इंडिया के विकास का एक प्रमुख स्तंभ है और कुल कारोबार में इसकी हिस्सेदारी करीब 10 प्रतिशत हो गई है।”
भाषा यासिर रमण
रमण

Facebook


