ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद वाणिज्यिक वाहन उद्योग की मांग मजबूत: अशोक लेलैंड

ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद वाणिज्यिक वाहन उद्योग की मांग मजबूत: अशोक लेलैंड

ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद वाणिज्यिक वाहन उद्योग की मांग मजबूत: अशोक लेलैंड
Modified Date: May 28, 2026 / 05:56 pm IST
Published Date: May 28, 2026 5:56 pm IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) अशोक लेलैंड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शेनू अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध और ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी जैसी चुनौतियों के बावजूद घरेलू वाणिज्यिक वाहन उद्योग बेहद मजबूत’ स्थिति में बना हुआ है।

अग्रवाल ने कंपनी के तिमाही नतीजों की घोषणा संबंधी बैठक में संवाददाताओं से कहा कि माल एवं सेवा कर (जीएसटी) दरों में कटौती और पुराने वाहनों को बदलने से मांग को लगातार समर्थन मिल रहा है। हालांकि, युद्ध की स्थिति आगे कैसे रहती है, इस पर नजर बनी हुई है।

ईंधन कीमतों में वृद्धि के वाणिज्यिक वाहन (सीवी) मांग पर असर संबंधी सवाल को लेकर अग्रवाल ने कहा, ‘‘मौजूदा स्थिति में ये दोनों मूलभूत कारक अब भी उद्योग के पक्ष में हैं। हालांकि, खुदरा स्तर पर तेल कीमतों के कारण कुछ व्यवधान जरूर हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अब तक सरकार ने कीमतों में करीब सात रुपये की वृद्धि की है, जो काफी हद तक वहनीय है और हमें नहीं लगता कि इसका वाणिज्यिक वाहन उद्योग पर कोई बड़ा असर पड़ेगा।’’

अग्रवाल ने कहा कि अप्रैल में वाणिज्यिक वाहन उद्योग मजबूत बना रहा और मई में भी मांग पिछले साल के बराबर या उससे बेहतर रहने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, ‘‘मांग के लिहाज से हम जमीन पर मौजूद तमाम चुनौतियों के बावजूद काफी मजबूती देख रहे हैं। युद्ध को लेकर आगे क्या फैसले होते हैं, इस पर नजर रखनी होगी, लेकिन उद्योग की मजबूती वास्तव में काफी उल्लेखनीय है।’’

वाणिज्यिक वाहन उद्योग में मांग की स्थिति पर उन्होंने कहा कि पिछले साल अक्टूबर से उद्योग में तेज गति देखने को मिली, क्योंकि जीएसटी के युक्तिकरण से कीमतों में लगभग 10 प्रतिशत की कमी आई।

उन्होंने कहा कि दूसरा बड़ा कारण विशेष रूप से भारी ट्रकों का पुराना हो चुका बेड़ा है, जो रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था।

अग्रवाल ने कहा, ‘‘बाजार इस प्रोत्साहन के लिए तैयार था और अब पुराने ट्रकों को बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।’’

भाषा योगेश अजय

अजय


लेखक के बारे में