ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी से वाहनों की मांग हो सकती है प्रभावितः टीएमपीवी सीईओ

ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी से वाहनों की मांग हो सकती है प्रभावितः टीएमपीवी सीईओ

ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी से वाहनों की मांग हो सकती है प्रभावितः टीएमपीवी सीईओ
Modified Date: May 28, 2026 / 05:23 pm IST
Published Date: May 28, 2026 5:23 pm IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (टीएमपीवी) के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) शैलेश चंद्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि ईंधन कीमतों में हुई बढ़ोतरी का कुल खपत एवं वाहन मांग पर पड़ने वाले असर पर नजर रखना जरूरी है और चालू वित्त वर्ष के लिए यात्री वाहन बिक्री 10 प्रतिशत बढ़ने के अनुमान में कोई बदलाव अभी जल्दबाजी होगी।

चंद्रा ने टाटा मोटर्स की हैचबैक कार ‘टियागो’ की अगली पीढ़ी की पेशकश के मौके पर संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि ईंधन कीमतों में 10 दिन के भीतर चार बार बढ़ोतरी होने से उपभोक्ता धारणा और मांग पर अंतिम प्रभाव का आकलन करना मुश्किल हो गया है।

यात्री वाहन विनिर्माता टीएमपीवी ने ‘नेक्स्ट जेन टियागो’ को पेट्रोल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक विकल्पों के साथ पेश किया है। इसकी शुरुआती शोरूम कीमत क्रमशः 4.69 लाख रुपये, 5.79 लाख रुपये और 6.99 लाख रुपये है।

चंद्रा ने मौजूदा परिदृश्य के बारे में पूछे जाने पर कहा, “ईंधन कीमतों में लगातार बदलाव हो रहा है। पिछले 10 दिन में चार बार कीमतें बढ़ी हैं लिहाजा यह कह पाना मुश्किल है कि यह सिलसिला कहां पर रुकेगा। यह ऐसा पहला कारक है, जो उद्योग पर असर डाल सकता है और दबाव बना सकता है।”

चंद्रा ने कहा कि ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी उद्योग के लिए एक संभावित बाधा बन सकती है, लेकिन इसका असर अलग-अलग वाहन खंडों पर अलग-अलग स्तर पर पड़ने का अनुमान है।

उन्होंने आगाह किया कि डीजल कीमतों में बढ़ोतरी का मुद्रास्फीति पर गुणक प्रभाव पड़ सकता है, जिससे उपभोक्ता धारणा और खर्च के रुझान प्रभावित हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी उद्योग के लिए संभावित बाधा बन सकती है, लेकिन इसका असर अलग-अलग वाहन खंडों पर अलग-अलग स्तर पर पड़ेगा।

उन्होंने आगाह किया कि डीजल कीमतों में बढ़ोतरी का मुद्रास्फीति पर गुणक प्रभाव पड़ सकता है, जिससे उपभोक्ता धारणा और खर्च प्रभावित हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पुरानी कारों के बाजार में सुस्ती उपभोक्ता धारणा के कमजोर होने का संकेत है और महंगाई बढ़ने पर लोग खर्च घटाकर बचत पर ध्यान दे सकते हैं। हालांकि, फिलहाल मांग के रुझान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है।

चंद्रा ने कहा कि मजबूत उत्पाद शृंखला के दम पर कंपनी को अपनी वृद्धि संभावनाओं पर भरोसा है और इस वर्ष कई नए मॉडल पेश किए जाएंगे। उन्होंने कहा, “हमारी वृद्धि उद्योग के अनुरूप रहेगी और उच्च दो अंक की वृद्धि संभव है।”

इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की मांग पर उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों में बुकिंग दो से ढाई गुना तक बढ़ी है और कंपनी अगले तीन-चार महीनों में ईवी उत्पादन क्षमता करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में