कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट
Modified Date: May 11, 2026 / 10:17 am IST
Published Date: May 11, 2026 10:17 am IST

मुंबई, 11 मई (भाषा) पश्चिम एशिया युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौता न हो पाने के कारण कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के मद्देनजर घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट दर्ज की गई।

एक विशेषज्ञ के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नवीनतम अमेरिकी शांति प्रस्ताव पर ईरान की प्रतिक्रिया को ‘‘पूरी तरह से अस्वीकार्य’’ करार देते हुए उसे खारिज कर दिया है। इससे तत्काल राजनयिक सफलता की उम्मीदें धूमिल हो गई हैं।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 845.68 अंक टूटकर 76,482.51 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 237.90 अंक फिसलकर 23,936.85 अंक पर पहुंच गया।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से टाइटन, इंटरग्लोब एविएशन, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इटर्नल, भारती एयरटेल और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। केवल एनटीपीसी और एचसीएल टेक के शेयर में तेजी रही।

एशियाई बाजारों में जापान का निक्की 225 और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी तथा चीन का एसएसई कम्पोजिट बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं।

अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.32 प्रतिशत की तेजी के साथ 105.7 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 4,110.60 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में