घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार तेजी; अमेरिका-ईरान शांति समझौते व तेल की कीमतों में गिरावट का असर

Ads

घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार तेजी; अमेरिका-ईरान शांति समझौते व तेल की कीमतों में गिरावट का असर

  •  
  • Publish Date - June 15, 2026 / 10:10 AM IST,
    Updated On - June 15, 2026 / 10:10 AM IST

मुंबई, 15 जून (भाषा) वैश्विक बाजारों में तेजी और कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट के बीच घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को शुरुआती कारोबार में उछाल आया।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए समझौता होने की घोषणा करने के बाद वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से घरेलू बाजारों को समर्थन मिला।

बीएसई सेंसेक्स 1,112.70 अंक चढ़कर 76,648.74 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 335.55 अंक की तेजी के साथ 23,956.40 अंक पर रहा।

अमेरिका और ईरान ने 107 दिन चले युद्ध को समाप्त करने और वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने पर सहमति जताई है। स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर के बाद इस समझौते को शुक्रवार को अंतिम रूप दिया गया।

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर रविवार को इसकी घोषणा की। इससे वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर दबाव कम हुआ। अधिकारियों के अनुसार, शांति समझौते पर 19 जून को स्विट्जरलैंड में औपचारिक तौर पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, अल्ट्राटेक सीमेंट और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर में सबसे अधिक तेजी रही। केवल सन फार्मा के शेयर में गिरावट दर्ज की गई।

एशियाई बाजारों में भी जोरदार तेजी देखी गई। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी करीब छह प्रतिशत उछला जबकि जापान के निक्की 225 में पांच प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा एसएसई कम्पोजिट और हैंग सेंग भी बढ़त में रहे।

वहीं, अमेरिकी शेयर बाजार भी शुक्रवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 4.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 83.36 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,082.18 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सेंसेक्स शुक्रवार को 1,695.40 अंक और निफ्टी 461.30 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ था।

भाषा निहारिका

निहारिका